कोरोना महामारी के पहले साल में लगभग हर किसी ने इंटरनेट से अलग-अलग तरीके की रेसिपी को ट्राई किया और दूसरे साल में लोगों ने खाने के साथ कई तरह के एक्सपेरिमेंट्स किये. ऐसे एक्सपेरिमेंट्स के चक्कर में लोगों ने अपनी पैंट्री में जो कुछ भी मौजूद था उसे आज़माया, और ऐसे एक्सपेरिमेंट्स का रिज़ल्ट क्या हुआ. . . . .आप बेहतर जानते हो!!
भोजन हमेशा से ही जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। समय के साथ बदलते हुए ट्रेंड और स्वाद के साथ हुए प्रयोगों ने हमेशा ही भोजन के पुराने रूप को नया और स्वादिष्ट बनाने की कोशिश की है। लेकिन कुछ ऐसे ट्रेंड्स को भी नजरंदाज नहीं किया जा सकता जिन्होंने हमारे पसंदीदा भोजन की पहचान को पूरी तरह से बदल कर रख दिया हो। ऐसे फूड कॉम्बिनेशन जिनकी सिर्फ कल्पना मात्र से ही हमारे मुंह में एक अजीब तरह का स्वाद आने लगता है। हर साल की तरह इस साल भी हमें कई ऐसे अजीब फूड ट्रेंड देखने को मिले हैं जो कई तरह के स्वादिष्ट पकवानों से हमारा विश्वास हटाने के लिए पर्याप्त थे।
1.मैगी मिल्क शेक
अजीबोगरीब फूड ट्रेंड में पहला नाम है मैगी मिल्क शेक का। अगर दोनों ही पकवानों को अलग- अलग खाया जाए तो यह हमारे कुछ पसंदीदा भोजन की लिस्ट में जरूर शामिल होंगे, लेकिन एक साथ ऐसा फूड कॉम्बिनेशन एक आम व्यक्ति के लिए सोच पाना काफी मुश्किलों भरा हो सकता है। यह अजीबोगरीब फूड ट्रेंड ट्वीटर से वायरल हुआ था जिसे “मयूर सेजपाल” नाम के एक यूज़र ने शेयर किया था। मयूर ने इसके लिए एक कैप्शन भी लिखा था जिसमें उन्होंने लिखा कि “किसी इडियट ने इसे मेरे साथ शेयर किया…मैगी मिल्क-शेक… जि़ंदा पकड़ना है इसे बनाने वालों को”।
2. ओरियो पकोड़े
ओरियो पकोड़े अभी तक कि सबसे अजीब खाई जाने वाली चीज़ कही जा सकती है। बेसन के घोल में डूबे हुए यह बिस्किट हमारी पकोड़े और बिस्किट से जुड़ी दोनों ही यादों को खराब करते हैं। ओरियो पकोड़े इंसटाग्राम पर ‘Foodie Incarnate’ पेज से वायरल हुए थे।
3. ओल्ड मॉन्क गुलाब जामुन
अजीबोगरीब खाने का चलन 2021 में दूसरे स्तर पर पहुंच गया, जब एक व्यक्ति को ताजे़ बने गुलाब जामुन में ओल्ड मॉन्क का इंजेक्शन लगाते हुए देखा गया। दिलचस्प बात यह है कि वीडियो ने नेटिज़न्स को दीवाना बना दिया जो फ्यूज़न की सराहना कर रहे थे और इसे अलग-अलग नाम दे रहे थे।
4.बटर चिकन गोलगप्पे
देवलीना नाम के एक ट्विटर यूज़र, जिसका हैंडल @AarKiBolboBolo है, ने हमें इस अजीब डिश की एक झलक दी थी। पोस्ट में शामिल यह तस्वीर एक गोलगप्पे की थी जो कि सेव और बटर चिकन से भरा हुआ था।
5.चॉकलेट मैगी
मैगी एक सबसे आसान और जल्दी बनने वाली रेसिपी है, जिसे चॉकलेट या मिल्कशेक के साथ बनाना मैगी का अपमान कहा जा सकता है। मैगी का यह कॉम्बिनेशन दिल्ली के फ़ूड ब्लॉगर “चाहत आनंद” ने साझा किया था जिसमें वह मैगी को आइस क्रीम और चॉकलेट के साथ पकाते हुए देखे जा सकते थे।
6.चाय बिस्किट पॉप्सिकल
आपने गर्मागर्म चाय में बिस्किट टूट कर गिर जाने की कई वीडियो देखी होगी या यह वास्तविक जीवन में होना भी एक आम घटना के अंतर्गत आता है। लेकिन क्या इससे बचने के लिए आपने कभी चाय और बिस्किट को एक साथ बर्फ में जमाने के बारे में सोचा है? मुंबई की फूड ब्लॉगर महिमा ने चाय बिस्किट पॉप्सिकल की ऐसी ही एक अजीबोगरीब रेसिपी पोस्ट की, जिसे उन्होंने “डिवाइन कॉम्बो” का नाम दिया था।
7. मैगी के लड्डू
मैगी की एक और रेसिपी जो 2021 में वायरल हुई वह थी मैगी के लड्डू। वीडियो को ट्विटर पर साझा किया गया था, लेकिन मूल रूप से YouTube पर पोस्ट किया गया था। इसे बनाने के लिए गुड़, इलायची, मक्खन और कच्ची मैगी का प्रयोग किया गया था।
8.चॉकलेट मसाला स्वीट कॉर्न
चॉकलेट मसाला स्वीट कॉर्न भी एक अजीब फूड ट्रेंड है जिसे मीठे, मसालेदार और चॉकलेट के स्वाद के साथ बनाया गया था। वीडियो को फूड व्लॉगर अनिकेत लूथरा के द्वारा साझा किया गया था जिसमें उन्होंने एक स्ट्रीट फूड वेंडर को नींबू के रस के साथ स्वीट कॉर्न पर क्रीम, चॉकलेट सॉस और मसाला टॉपिंग करते हुए दिखाया था।
आप भी अजीब फूड ट्रेंड पर अपनी राय हमें नीचे कमेंट बॉक्स में लिखकर भेज सकते हैं। साथ ही आपके द्वारा खाए गए अबतक सबसे अजीब फूड ट्रेंड की कहानी साझा करना न भूलें ।
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

