गर्मियों में आम खाना किसे पसंद नहीं आता? आखिर फलों का राजा है आम। कभी फल के रूप में, कभी कभी मैंगो शेक के रूप में और कभी किसी अन्य रूप में आम का लुत्फ़ हम सभी उठाते ही रहते हैं। पर सोचिए अगर भरी गर्मी में आम को ठंडी-ठंडी आइसक्रीम में मिला दिया जाए तो क्या बात होगी? ये सुनकर ही मुंह में पानी आ गया ना! हाल ही में प्रसिद्ध शेफ़ अमृता रायचंद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मैंगो आइसक्रीम बनाने की वीडियो रेसिपी शेयर की। इस मैंगो आइसक्रीम रेसिपी में अमृता ने बहुत ही आसानी से आम और अन्य आवश्यक सामग्री को मिलाकर घर पर ही कुछ मिनटों में मैंगो आइसक्रीम तैयार कर ली। अमृता ने इस रेसिपी का श्रेय अपनी दिंकी मौसी को दिया। आइये जानते हैं इस मशहूर शेफ की मौसी द्वारा सुझाई गई एक बेहद आसान पर स्वादिष्ट दिखने वाली मैंगो आइसक्रीम रेसिपी को विस्तार से।
अमृता रायचंद की मैंगो आइसक्रीम रेसिपी
अमृता रायचंद की मैंगो आइसक्रीम रेसिपी देखने में बहुत ही आसान और बनाने में कम टाइम लेने वाली है। यही कारण है कि उनकी इस रेसिपी को इंस्टाग्राम पर अब तक 97000 से भी ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। आइए जानते हैं इस मैंगो आइसक्रीम को तैयार करने के लिए हमें किन-किन चीजों की आवश्यकता होती है।
मैंगो आइसक्रीम तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री
अमृता रायचंद के अनुसार मैंगो आइसक्रीम तैयार करने के लिए आपको निम्न चीजों की आवश्यकता होगी-:
- 6 ताजे आम
- लगभग 100 ग्राम मलाई
- 1 कप मिल्क पाउडर
- 200 ग्राम कंडेंस्ड मिल्क
मैंगो आइसक्रीम तैयार करने की रेसिपी
उपरोक्त सामग्री हमारे घरों में आसानी से उपलब्ध हो जाती है। सारी सामग्री उपलब्ध होने के बाद निम्न विधि से मैंगो आइसक्रीम तैयार करें-:
1. सबसे पहले सारे आमों को अच्छी तरह से धोकर छील लीजिए और उसके बाद काटकर उनके बराबर टुकड़े कर दें।
2. अब एक मिक्सर में ताजी मलाई मिल्क पाउडर और कंडेंस्ड मिल्क डालकर मिलाएं। इसमें ऊपर से कटे हुए आम डाल दें।
3. अब मिक्सर को ऑन करके सारी सामग्री को एक साथ कुछ देर के लिए ब्लेंड करें।
4. जब सारी चीजें आम के साथ अच्छी तरह से मिक्स हो जाएं, और मिश्रण गाढ़ा हो जाए उसके बाद इसे किसी बर्तन में निकाल लें।
5. तैयार मिश्रण को रातभर फ्रिज में जमाइए और अगले दिन स्वादिष्ट मैंगो आइसक्रीम एंजॉय कीजिए।
इसके अलावा ट्राई कीजिए हमारी बेहतरीन आइसक्रीम रेसिपीज़ इस लिंक से।
गर्मियों में आइसक्रीम और आम दोनों की ही बात कुछ और होती है। इस आर्टिकल में हमने आपसे अमृता रायचंद की मैंगो आइसक्रीम रेसिपी शेयर की। कैसी लगी आपको यह रेसिपी, हमें बताइए और इसे शेयर कीजिए अपने दोस्तों व परिवारजनों के साथ। ऐसी ही बेहतरीन रेसिपीज और नई-नई जानकारी के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

