दिन भर के काम, परिवार की देखभाल, घर तथा ऑफिस की भाग दौड़ के बीच महिलाओं को अपने चेहरे के सौन्दर्य के लिए समय निकालना लगभग असंभव सा लगता है। जल्दी ही आप को नज़र आता है इसका रूखापन, झुर्रियां और बेजान त्वचा। क्या आप अक्सर यह नहीं सोचतीं कि कम से कम समय में ऐसा क्या करूं की चेहरा वापस ताजगी भरा हो जाए। उन सभी महिलाओं के लिए जो समय की कमी के बावजूद अपने चेहरे की देखभाल चाहती हैं हमारे पास आपके लिए कुछ लाजवाब टिप्स हैं। अब चाहे आपको किसी पार्टी में जाना हो गया शादी में आप चुटकियों में अपने सौंदर्य में चार चांद लगा सकती हैं। आइए जानते हैं कैसे?
1) डोसे का घोल
हम में से कईयों को डोसे के घोल के नायाब फायदों की जानकारी नहीं है। एक लंबे व्यस्त दिन की भाग दौड़ के बाद खुद को ताजगी देने के लिए पार्लर जाने की जरूरत नहीं है बल्कि रसोई में से डोसे का घोल लेकर अपने चेहरे पर दस से पन्द्रह मिनट के लिए लगाएं और सूखने पर धो डालें और देखें इसका कमाल।
यह कैसे काम करता है– इसका पैरा अमीनोबेंजोइक एसिड सूर्य की पराबैंगनी किरणों से बचाने वाली सतह की तरह काम करता है और सूर्य की किरणों से हुई टैनिंग हटाता है।
2) बेकिंग सोडा
एक चम्मच बेकिंग सोडा को दो चम्मच नारियल के तेल में मिलाएं और इसका पेस्ट बना लें। अब इसे मास्क की तरह चेहरे पर लगा लें और गोलाई में उंगलियां चलाते हुए मालिश करें। पाँच मिनट के लिए छोड़ दें और फिर सादे पानी से चेहरे को धो लें।
यह कैसे काम करता है– बेकिंग सोडा आपकी त्वचा के पीएच स्तर को बनाए रखने में मदद करता है और नारियल का तेल एक प्राकृतिक मॉश्चराइजर है
3) भाप
चेहरे को चमकाने का एक और सरल उपाय है भाप लेना। एक कटोरे में पानी गरम करें, उसमें एक नरम तौलिया भिगाएँ और चेहरे पर फैला लें। भाप को अपने चेहरे की त्वचा में पाँच मिनट तक गहराई से जाने दें। अब चेहरे को ठंडे पानी से धो लें और चमकती हुयी त्वचा को महसूस करें।
यह कैसे काम करता है – भाप चेहरे के रोम छिद्रों को खोलने का काम करती है जो बाहरी प्रदूषण की वजह से अक्सर बंद हो जाते हैं। भाप लेने के बाद ठंडे पानी से चेहरा धोने से त्वचा के खुले रोमछिद्र बंद हो जाते हैं।
4) दूध की मलाई
दूध की मलाई बहुतों को खाने में शायद पसंद न आये पर इसके अद्भुद गुण आपकी त्वचा के सौन्दर्य को बढ़ाने में चमत्कारिक रूप से फायदा कर सकते हैं। फ्रिज से एक चम्मच ठंडी मलाई निकालें और अपने चेहरे में इससे हल्के हाथ से कुछ मिनट तक मालिश करें। अब इसे धो डालें।
यह कैसे काम करता है – दूध में त्वचा को पोषण देने वाले चमत्कारिक गुण होते हैं जिससे चेहरे में चमक बढ़ती है और त्वचा मुलायम होती है।
5) तेल की मालिश
एक चम्मच जैतून के तेल को दो चम्मच ऐरण्ड के तेल में मिलाएँ। इस मिश्रण को अपनी हथेलियों में लेकर अपने चेहरे पर लगाएँ और धीरे धीरे गोलाई में दो से तीन मिनट तक मालिश करें। त्वचा को इसे अंदर तक सोखने दें। पाँच से दस मिनट के बाद सादे पानी से धो लें। आप धोने के बजाय भाप द्वारा भी इसे साफ कर सकते हैं।
यह कैसे काम करता है – ऐरण्ड तेल की मालिश चेहरे से गंदगी को हटाती है और जैतून का तेल त्वचा को गहराई तक पोषण देता है।
6) शहद, नींबू और ब्राउन शुगर
एक चम्मच नींबू के रस में एक चम्मच शहद और एक चम्मच ब्राउन शुगर मिलाएँ। इस बेहतरीन स्क्रब से त्वचा में तुरंत जादुई निखार आता है। इस स्क्रब को त्वचा पर लगाएँ और धीरे धीरे दो से तीन मिनट तक मालिश करें। इसे पाँच मिनट तक त्वचा पर लगा रहने दें और फिर धो डालें। आपकी त्वचा पर निश्चित ही एक नया निखार और चमक होगी।
यह कैसे काम करता है – नींबू में त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाने की शक्ति होती है जबकि शहद में नमी प्रदान करने के गुण होते हैं जो त्वचा की क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत का काम करता है।
चित्र स्त्रोत: wikipedia commons, flickr, pixabay, public domain pictures

