Site icon BetterButter Blog: Indian Food Recipes, Health & Wellness Tips

Jagannath Rath Yatra 2021: भगवान जगन्नाथ का महाप्रसाद और उड़ीसा के 14 टेस्टी व्यंजन

Jagnath Recipe Wp

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2021 (Jagannath Rath Yatra 2021) की शुरुआत 12 जुलाई से होगी। यह रथ यात्रा भारत के प्रमुख पर्वों में से एक है। प्रत्येक वर्ष आषाढ़ शुक्ल द्वितीया तिथि को भगवान जगन्नाथ की यह विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा निकाली जाती है। भारत में ओडिशा राज्य के पुरी शहर में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से ये यात्रा मुख्य रूप से निकाली जाती है। श्री जगन्नाथ धाम हिंदुओ के प्रमुख चार धामों में से एक है और मान्यता है कि भगवान विष्णु यहां अपने जगन्नाथ रूप में अपने बड़े भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ विराजमान हैं

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए महीनों तैयारियां की जाती है और इस यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु देश-दुनिया के कोने-कोने से यहां आते हैं। ओडिशा और भारत के विभिन्न हिस्सों में जगन्नाथ रथ यात्रा एक बड़े त्यौहार के रूप में देखी जाती है और इस अवसर पर विशेष पकवान भी तैयार किये जाते हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष रूप से भगवान जगन्नाथ का प्रसाद बनाया जाता है, जिसे महाप्रसाद कहा जाता है। जगन्नाथ रथ यात्रा 2021 (Jagannath Rath Yatra 2021) के विशेष अवसर पर इस आर्टिकल हम चर्चा करेंगे रथ यात्रा के दौरान बनाये जाने वाले ओडिशा के प्रसिद्ध पकवानों और पुरी मंदिर में तैयार किये जाने वाले महाप्रसाद की। आइये जानते हैं विस्तार से। 

भगवान जगन्नाथ का प्रसाद- Puri Temple Food

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान बनाए जाने वाले विशेष महाप्रसाद का बहुत अधिक महत्व होता है। यह महाप्रसाद पारंपरिक तरीके से पुरी के जगन्नाथ मंदिर में तैयार किया जाता है जिसमें दाल चावल, छेना रबड़ी, दालमा व मिक्स वेज इत्यादि व्यंजन शामिल होते हैं। यही प्रसाद भोग के बाद भक्तों को भी खिलाया जाता है। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा कई दिनों तक चलती है और इस दौरान उन्हें दो प्रकार का प्रसाद मुख्य रूप से चढ़ाया जाता है। अबाधा अथवा संखुड़ी भोग में घी वाले चावल के साथ दाल, बेसारा, साग, पीठा, कनिका खिचड़ी, महूरा, दालमा आदि पकवान शामिल होते हैं। एक अन्य प्रकार के सूखे भोग जिसे निसानखुड़ी भोग कहा जाता है, उसमें चाकुली, पुली, नड़ी, मनोहरा, मालपुआ, माथपुल्ली, अरीसा आदि पकवानों का भोग लगाया जाता है। ये सभी व्यंजन ओडिशा की खाद्य संस्कृति से संबंधित होते हैं और इन्हें बनाने के लिए मंदिर के आस-पास के बाजारों से ही सामग्री लायी जाती है। 

इन पकवानों को मंदिर के 32 कमरों वाले विशेष रसोईघर में पकाया जाता है। इस रसोई घर को तीन भागों अन्ना चुली, पीठा चुली एवं टूना चुली आदि में बांटा गया है, जहां 250 चूल्हों पर ये सभी पकवान तैयार किये जाते हैं। एक चूल्हे पर मिट्टी की सात हंडियां एक साथ रखी जाती है और खास बात ये है कि हमेशा सबसे ऊपरी हांडी का भोजन पहले पकता है। इन हांडियों को भी विभिन्न स्थानीय नामों से जाना जाता है और चूल्हे में जल रही अग्नि को श्रद्धपूर्वक वैष्णव अग्नि कहा जाता है। विशेष बात यह है कि मीठे पकवानों में शक्कर की जगह उच्च गुणवत्ता वाले गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। मंदिर में बनाया जाने वाला प्रसाद पूर्ण शाकाहारी होता है जिसमें लहसुन-प्याज़, फूलगोभी, एवं आलू और टमाटर का इस्तेमाल भी नहीं किया जाता। जगन्नाथ मंदिर में रथ यात्रा के अलावा सामान्य दिनों में भी रसोई घर में भगवान के छप्पन भोग बनाने का सिलसिला चलता रहता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मंदिर में बनने वाले प्रसाद की निगरानी स्वयं लक्ष्मी माता करती हैं। 

ओडिशा के प्रमुख व्यंजन- Famous Dishes of Odisha

भगवान जगन्नाथ को भोग लगाए जाने वाले भोजन में मुख्य रूप से ओडिशा की खाद्य संस्कृति से संबंधित पकवान शामिल होते हैं। आइये जानते हैं ओडिशा के प्रमुख व्यंजनों के बारे में-: 

1. खिचड़ी

Image: Wikimedia

खिचड़ी ओडिशा के खान-पान का मुख्य व्यंजन है। इसे भगवान जगन्नाथ को भी प्रमुख भोजन के रूप में खिलाया जाता है। खिचड़ी बनाने के लिए घी में दाल और चावल को एक साथ अच्छे से पकाया जाता है। खिचड़ी खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है, पोषण की दृष्टि से भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। यही कारण है कि ओडिशा के अलावा भारत के अन्य राज्यों में भी खिचड़ी एक प्रमुख प्रचलित भोजन है। 

2. दालमा

Image: Wikimedia

दालमा मूंग की दाल से तैयार किया जाने वाला चटपटा व्यंजन है जिसे मसालों के उचित नापतौल से बनाया जाता है। इसे मूंग दाल को भूनकर तैयार किया जाता है तथा विभिन्न मसालों के अलावा इसमें कच्चे आम, कद्दू, पपीता और बैंगन को भी मिलाया जाता है। यह पकवान टेस्टी होने के साथ काफी हेल्दी भी होता है। दालमा को चावल के साथ खाया जाता है। इसे बनाने में लहसुन व प्याज़ का इस्तेमाल नहीं होता। 

3. गुप्चप

गुप्चप के नाम से आप भले ही अनजान हों पर आपने इसे खाया ज़रूर होगा। गुप्चप यानी गोलगप्पा जिसे बंगाल में फुचका, और भारत के अन्य हिस्सों में पताशी, पानीपूरी एवं गोलगप्पा आदि नामों से जाना जाता है। आटे की कुरकुरी पूरियों में छोले, आलू और खट्टा मीठा पानी भरकर तैयार किया जाने वाला गोलगप्पा हर उम्र के लोगों को लुभाता है। यह एक स्वादिष्ट और बेहतरीन स्नैक है। 

4. दही वड़ा और आलू दम

Image: Wikimedia

आमतौर पर दही वड़ा और आलू दम को अलग-अलग व्यंजन माना जाता है पर ओडिशा में इनका एक मिश्रित स्वरूप देखने को मिलता है जो कि नाश्ते के विकल्प के रूप में काफी प्रसिद्ध है। इस व्यंजन को कटक का वड़ापाव भी कहा जाता है। 

5. छेना पोडा

Image: Wikimedia

छेना पोडा को आप ओडिशा का चीज़केक कह सकते हैं। यह एक प्रसिद्ध मिठाई है जिसका भोग भगवान जगन्नाथ को भी लगाया जाता है। इसे पनीर, कार्मेलिज़्ड चीनी और सूजी को मिलाकर बनाया जाता है। छेना पोडा बनाने के लिए इस मिठाई को काफी देर तक पकाना होता है, जब तक कि इसका रंग लाल न हो जाये। यह ओडिशा की बहुत फेमस स्थानीय मिठाई है।

6. कनिका

यह एक मीठा पुलाव है जिसे भारत के अन्य हिस्सों में जर्दा भी कहा जाता है। कनिका को भगवान जगन्नाथ के 56 भोग में विशेष स्थान प्राप्त है। इसे सूखे मेवे डालकर पकाया जाता है जिससे इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं। 

7. सनतुला

Image: Wikimedia

सनतुला सेहत के लिए लाभदायक और स्वाद की दृष्टि से बेहतरीन पकवान है। इसे बनाने में कच्चे पपीते, बैंगन और आलू व टमाटर का प्रयोग होता है। इस सब्जी में मसाले भी सीमित मात्रा में ही डाले जाते है जिससे यह हर किसी के जायके में फिट हो जाता है। 

8. चातुराय

चातु राय को चातु बेसर भी कहा जाता है। यह मशरूम के गुच्छे को पकाकर तैयार की जाने वाली सब्जी है जिसमें फ्लेवर के लिए हल्दी पाउडर और टमाटर भी डाला जाता है। इस सब्जी में प्रयोग लाये जाने वाले मशरूम को सरसों के पेस्ट में पकाया जाता है। जगन्नाता रथ यात्रा 2021 (Jagannath Rath Yatra 2021) के विशेष अवसर के लिए चातुराय एक बेहतरीन विकल्प है। 

9. पाखला भाता

Image: Wikimedia

पाखला भाता ओडिशा में एक प्रचलित व्यंजन है जो कि सामान्य दिनों में खाया जाता है। इस व्यंजन को बनाने के लिए पके हुए चावलों को पानी और खट्टे दही में रातभर भिगोकर रखा जाता है और अगले दिन पापड़, आलू अथवा बड़ी चोरा के साथ परोसा जाता है। 

10. दही बैंगना

Image: Wikimedia

दही बैंगना ओडिशा में बड़े चाव से खाया जाता है। यह बैंगन की सब्जी खाने का एक अनोखा और स्वादिष्ट तरीका है। बैंगन के स्वाद के अलावा इस सब्जी को बनाने में प्रयोग किया गया दही बैंगन को एक टैंगी फ्लेवर देता है। 

11. खाट्टा

Image: Wikimedia

खाट्टा ओडिशा की एक पारंपरिक चटनी है। जैसे अनेक स्थानों पर चटनी बनाने में लहसुन, इमली, नारियल व टमाटर इस्तेमाल किया जाता है, उसी तरह खाट्टा बनाने में टमाटर के साथ अदरक, गुड़ एवं अनारदाना का इस्तेमाल किया जाता है। यह चटनी खाने में बहुत ही चटपटी लगती है जिस कारण पूरे ओडिशा में पसंद की जाती है।

12. रसाबली

Image: Wikimedia

रसाबली को जगन्नाथ यात्रा के दौरान बलराम को भोग के रूप में परोसा जाता है। यह मिठाई जगन्नाथ पुरी के छप्पन भोगों में शामिल प्रमुख व्यंजन है। इसे छेना, दूध, एवं चीनी के मिश्रण से तैयार किया जाता है। पहले छेने की बॉल्स बनाकर घी में तलिये और फिर इन्हें ताज़े दूध की रबड़ी में डालकर इस लज़ीज़ पकवान का लुत्फ उठाइये। 

13. मालपुआ

Image: Wikimedia

मालपुआ यूँ तो पूरे भारत में प्रसिद्ध है पर जगन्नाथ यात्रा के विशेष अवसर पर इसे पूरे ओडिशा में बनाया जाता है। मालपुआ तैयार करने के लिए आपको मैदा, दूध, चीनी और इलायची की आवश्यकता होती है। मुंह में पानी ला देने वाला यह लज़ीज़ पकवान भगवान जगन्नाथ को नाश्ते में परोसा जाता है। 

14. पोडा पीठा

Image: Wikimedia

ग्रंथो के अनुसार पोडा पीठा भगवान जगन्नाथ की मनपसंद मिठाई है। पैनकेक जैसी दिखने वाली इस मिठाई को चावल के आटे, नारियल, दाल, गुड़ और इलायची के मिश्रण से तैयार किया जाता है। जगन्नाथ यात्रा के अवसर पर पोडा पीठा मंदिर परिसर में विशेष रूप से तैयार की जाती है।

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2021(Jagannath Rath Yatra 2021) की शुरुआत 12 जुलाई से होगी। इस दौरान ओडिशा और भारत के विभिन्न भागों में त्यौहार का माहौल रहेगा तथा अवसर पर विभिन्न प्रकार के पकवान बनाये जाएंगे। इस खास मौके पर इस आर्टिकल में हमने आपसे ओडिशा के पुरी मंदिर के महाप्रसाद एवं ओडिशा के प्रमुख व्यजंनों की जानकारी साझा की। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइये, साथ ही इसे शेयर कीजिये अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ। ऐसी ही अनमोल रेसिपीज़ और नई-नई जानकारी के लिए जुड़े रहिये BetterButter के साथ। 

Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।