Site icon BetterButter Blog: Indian Food Recipes, Health & Wellness Tips

जानिए स्टाइलिश मलाइका अरोड़ा की फ़िटनेस और ब्यूटी टिप्स

नब्बे के दशक में रेल की छत पर छैयां छैयां के बोलों पर ठुमके लगा के सब का दिल जीत लेने वाली मलाइका अरोरा सौन्दर्य और फ़िटनेस की मिसाल मानी जाती हैं। वह तब जितनी खूबसूरत थीं आज इतने साल बीत जाने के बाद भी उनके सौन्दर्य में कोई कमी नहीं आई है। दो प्यारे बच्चों की माँ मलाइका ने अपने फ़िगर को बेहतरीन तरीके से सहेजा है और बयालीस साल की उम्र में भी अपनी फ़िटनेस को बनाए रखने के लिए मलाइका एक व्यवस्थित जीवनशैली, खानपान और व्यायाम का रूटीन फॉलो करती हैं। आइये आज मलाइका के कुछ सीक्रेट टिप्स साझा करते हैं आप के साथ ताकि आप भी उनकी जैसी फ़िटनेस पा सकें।

 

कैसे करती हैं मलाइका अपने दिन की शुरुवात? –

कम से कम आठ घंटे की नींद के बाद यह खूबसूरत मॉडल सुबह की शुरुवात शीर्षासन के साथ करतीं हैं। इस अभ्यास के दौरान रक्त का प्रवाह सिर की तरफ होने से शरीर को कई लाभ मिलते हैं। न केवल आपकी त्वचा में चमक और निखार आता है बल्कि आपके बाल भी बेहतर होते हैं।

 

हैल्थ ड्रिंक –

इस के बाद मलाइका पीती हैं सदियों से अपनाया गया हैल्थ ड्रिंक यानि कि गुनगुने पानी में नींबू, और शहद का घोल। ये हैल्थ ड्रिंक शरीर के विषैले पदार्थों को बाहर निकालने में बहुत कारगर है।

 

कसरत योगा और वेट ट्रेनिंग –

मलाइका कसरत को बहुत महत्त्व देती हैं और उनका मानना है कि हफ्ते में कम से कम पाँच दिन ऐसा व्यायाम अवश्य करना चाहिए जो आपके शरीर के अनुकूल हो। वो ह्रदय के लिए लाभकारी कार्डियो एक्सरसाइज़ करने के बाद शरीर के अन्य हिस्सों के लिए विभिन्न तरह की कसरतों का एक शेड्यूल फॉलो करती हैं और ये भी सलाह देती हैं कि कसरत के बाद मांसपेशियों की स्ट्रेचिंग बहुत ज़रूरी है।

 

क्या खाती हैं मलाइका? –

मलाइका दूध और दूध से बने पदार्थों का सेवन नहीं करती हैं। साथ ही साथ तली हुयी चीज़ें भी नहीं खातीं। मलाइका एक चम्मच नारियल के तेल का सेवन रोज़ सुबह करती हैं और साथ ही एक चम्मच घी रोज़ खाने की सलाह देती हैं। एक और नियम जिसका वो बहुत शिद्दत से पालन करती हैं वो है शाम को जल्दी भोजन करने का। लगभग साढ़े सात बजे के आस पास वो शाम का आखिरी मील लेती हैं ताकि सोते वक़्त पेट ज्यादा भरा हुआ न हो।

 

क्या हैं मलाइका के स्किन केयर टिप्स?

मलाइका अपने चेहरे के लिए कैमिकल फ्री फ़ेस वॉश का इस्तेमाल करती हैं और अच्छे बालों के लिए सिर की त्वचा की नियमित सफाई पर ज़ोर देती हैं। वह कहती हैं चेहरे का अच्छा ख्याल रखने के लिए उसे स्प्रिटजेर से साफ करना चाहिए। गुलाबजल जैसे प्राकृतिक क्लिंज़र का स्प्रे भी एक अच्छा विकल्प है। साथ ही पपीता जैसे फल खाते हुए एक छोटे टुकड़े से भी आप अपने चेहरे को साफ कर सकती हैं और इसके परिणाम जबर्दस्त होंगे। पूरे शरीर की त्वचा का ख्याल रखने के लिए मलाइका का मानना है कि स्नान के लिए तेज़ गरम पानी का इस्तेमाल कभी न करें। यह त्वचा को रूखा बना देता है और समय से पहले उसका लचीलापन खत्म होने लगता है।

 

क्या करती हैं मलाइका मन की शांति के लिए?

मलाइका कहती हैं बहुत से लोग ध्यान करते हैं पर मैं शायद इस के लिए नहीं बनी क्यूंकि मैं एक जगह पर ज्यादा देर नहीं बैठ सकती। लेकिन खुद को मानसिक तौर पर फ्रेश करने के लिए मैं बागवानी और पौधों के साथ वक़्त बिताती हूँ। मेरा एक छोटा सा गार्डन है जिसकी देखभाल करना मुझे बहुत पसंद है। मेरा हर संडे मेरे पौधों के साथ बीतता है और मुझे आने वाले हफ्ते के लिए तरोताज़ा कर देता है।

चित्र स्त्रोत: www.pixabay.com, https://commons.wikimedia.org, www.maxpixel.com  www.torang.biz, www.publicdomainpictures.net