Site icon BetterButter Blog: Indian Food Recipes, Health & Wellness Tips

घमोरियों से छुटकारा पाने के 5 घरेलु नुस्खे

_126_घमोरियों से

उत्तर भारत में गर्मी का मौसम आते ही, कुछ चीजें अपने आप मुफ्त सौगात की तरह आ जातीं हैं। दिन-रात जाने वाली बिजली के कारण बहता हुआ पसीना और शरीर में होने वाली घमौरियाँ। घमौरियाँ वो छोटे-छोटे लाल दाने होते हैं जो किसी के भी शरीर पर गर्मी के मौसम में आ जाते हैं। इनमें पसीना आने के कारण खुजली बढ़ जाती है।

घमोरियों से छुटकारा पाने के 5 घरेलु नुस्खे आपको इस लेख में बताए जा रहे हैं:

1. ओट्स के आटे का स्नान

अगर आप घमौरियों से परेशान हैं तो  इन्हें दूर करने के लिए आप ओट्स के आटे का इस्तेमाल कर सकतीं हैं। वास्तव में ओट्स के दाने स्किन को एक्स्फ़ोलिएट करते हुए बंद पोर को खोल देते हैं। इसलिए आप नहाने के समय ओट्स के दाने या आटे का इस्तेमाल कर सकतीं हैं। इसके लिए 1-2 कप ओट्स के दाने या आटा अपने नहाने के पानी में मिला लें। आप चाहें तो ओट्स को घमौरी के दानों पर हल्के-हल्के रगड़ भी सकतीं हैं। लेकिन ध्यान रहे, की दाने छिल न जाएँ।

 

2. कच्चा आलू

कच्चे आलू को स्किन पर उपयोग करने से ठंडक मिलती है। इसलिए जब आप घमौरियों से परेशान हों तो कच्चे आलू के पतले स्लाइस लेकर उन्हें दानों पर लगा लें। चाहें तो हल्के हाथ से आलू के स्लाइस को दानों पर रगड़ लें या फिर उन्हें ऐसे ही कुछ देर के लिए लगा कर छोड़ दें।  उसके बाद उस जगह को गुलाब जल से या सादे पानी से साफ कर लें।

 

3. बेसन का उपयोग

घमौरियों के घरेलू इलाज के रूप में बेसन का पेस्ट दानों पर लगाने से ठंडक तो मिलती ही है साथ ही घमौरियों की चुभन और खुजली में भी आराम आता है। यह पेस्ट बनाने के लिए आप एक कप पानी में दो बड़े चम्मच बेसन का ले लें। पानी की जगह आप गुलाब जल का इस्तेमाल करें तो अधिक फायदा होगा। तैयार बेसन पेस्ट को दानों पर 15 मिनट के लिए लगा कर छोड़ दें और फिर साफ कर लें।

 

4. बर्फ के टुकड़े


गर्मी में बर्फ का उपयोग पानी के लिए ही नहीं घमौरियों के इलाज के रूप में भी किया जा सकता है। इसके लिए एक साफ मुलायम कपड़े में बर्फ का टुकड़ा लेकर उसे घमौरियों वाली जगह पर लगा लें। जब वह टुकड़ा पिघल जाये तो उस जगह को कपड़े से साफ कर लें। इस प्रकार करने से न केवल शरीर को ठंडक मिलेगी बल्कि घमरियों की चुभन और खुजली में भी आराम मिलेगा।

 

5. मुलतानी मिट्टी

मुलतानी मिट्टी में स्किन के बंद पोर को खोलने की खूबी होती है। इसलिए आप घमौरियों को पूरी तरह से साफ करने के लिए मुलतानी मिट्टी के पेस्ट का इस्तेमाल कर सकतीं हैं। इसके लिए तीन-चार बड़े चम्मच मुलतानी मिट्टी को गुलाब जल के साथ मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना कर दानों पर लगा लें। शुरू में रोज लगाते हुए, एक हफ्ते बाद एक दिन छोड़कर हफ्ते में तीन दिन लगा लें। इस प्रकार नियमित उपयोग से घमौरियों की परेशानी बिलकुल खत्म हो जाएगी।