भरवां लौकी एक ऐसी सब्जी है जिसे लंच या डिनर में कभी भी बनाकर खाया जा सकता है। भरवां लौकी स्वाद के साथ ही पौष्टिकता भी लिए होती है। अक्सर घरों में भरवां आलू और बैंगन बनाए जाते हैं लेकिन आप भरवां लौकी से भी अपने खाने का जायका काफी हद तक बढ़ा सकते है।
साथ ही जो लोग लौकी की सिंपल सब्जी से दूरी बनाकर रखते हैं, वे भी भरवां लौकी को चाव से खा लेते हैं। आप अगर एक जैसी सब्जियों को खा-खाकर बोर हो गए हैं तो भरवां लौकी की रेसिपी को भी ट्राई कर सकते है। भरवां लौकी बनाने के लिए प्याज-टमाटर के पेस्ट के साथ ही चना दाल का भी उपयोग किया जाता है। भरवां लौकी में भरा जाने वाला मिश्रण इस सब्जी का स्वाद भी काफी बढ़ा देता है।
कैसे बनाएं भरवां लौकी की रेसिपी (How to Make Bharwa Lauki Recipe)
सामग्री:
- लौकी- 1
- प्याज- 2
- टमाटर- 1
- अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 टेबलस्पून
- चना दाल- 1/2 कप
- राई- 1 टी स्पून
- हल्दी- 3/4 टी स्पून
- लाल मिर्च पाउडर- 1 टी स्पून
- धनिया पाउडर- 1 टी स्पून
- सौंफ पाउडर- 1/2 टी स्पून
- अमचूर- 2 टी स्पून
- गरम मसाला- 1 टी स्पून
- तेल- जरूरत के मुताबिक
- नमक- स्वादानुसार
भरवां लौकी बनाने की आसान विधि:
- भरवां लौकी बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को छीलें और डेढ़ इंच लंबाई के बराबर-बराबर टुकड़े काट लें।
- अब प्याज और टमाटर को काटकर उनका अलग-अलग पेस्ट तैयार कर बाउल्स में रख दें।
- इसके बाद चना दाल लें और उसे मिक्सर की मदद से दरदरा पीसकर पेस्ट बना लें।
- इसके बाद एक कड़ाही में 1 टेबल स्पून तेल डालकर दाल के पेस्ट को भून लें और एक बर्तन में निकाल लें।
- अब कड़ाही में 1 टेबल स्पून तेल और डालें और गर्म होने के बाद उसमें राई डाल दें।
- जब राई चटकने लगे तो इसमें प्याज का पेस्ट, टमाटर का पेस्ट और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर दें और चलाते हुए लगभग 5 मिनट तक पकाएं।
- इस बीच कुछ वक्त बाद इसमें चना दाल का पेस्ट भी डाल दें और सभी को एक साथ पकने दें।
- अब पेस्ट के मिश्रण में हल्दी और नमक डालें और 2 से 3 मिनट तक और पकाएं।
- इसके बाद इसमें सौंफ पाउडर, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स कर दें।
- जब पेस्ट में से तेल अलग हो जाए तो गरम मसाला और अमचूर डालकर मिलाएं।
- इसके बाद अब गैस बंद कर दें।
- जब पेस्ट ठंडा हो जाए तो लौकी के टुकड़ों को बीच में से काटें और उसमें पेस्ट भर दें।
- अब कड़ाही में एक बार फिर थोड़ा सा तेल डालें और गर्म करें।
- तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें भरवां लौकी डालें और उन्हें ढककर पकने दें।
- धीमी आंच पर सब्जी को लगभग 10 मिनट तक पकाएं।
- जब लौकी अच्छे से नरम हो जाए तो गैस बंद कर दें।
- अब स्वाद से भरपूर भरवां लौकी को रोटी या पराठे के साथ सर्व करें।
प्रिय पाठकों यदि आप भरवां आलू, बैंगन से हो गए हैं बोर तो आज ही आप भरवां लौकी की रेसिपी को जरूर बनाएं। क्योंकि इसका स्वाद जबरदस्त होता है। साथ ही इसे बनाना भी काफी आसान है। साथ ही ये लेख अगर आपको पसंद आया है, तो आज ही अपने दोस्तों और परिवार वालों के साथ जरूर साझा करें। ताकि वो भी इस भरवां लौकी की रेसिपी को आसानी से बना सके। साथ ही अपनी बात हमें कमेंट बॉक्स में लिख सकते है, जिसका हमें बेसब्री से इंतज़ार रहता है।
यह जरूर पढ़िए:
Lauki Ki Barfi: बर्फी खाने का मन करे तो घर में ऐसे बनाएं लौकी की बर्फी, जानें पूरी विधि
Lauki Soup Recipe: कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार है लौकी का सूप, जानें बनाने का तरीका
कौन कहता है लौकी बोरिंग होती है, बनायें शेफ संजीव कपूर की लौकी भरता रेसिपी
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

