सर्दियों में त्वचा का ध्यान रखना एक कठिन टास्क होता है, वातावरण में घटती नमी और बढ़ता प्रदूषण हमेशा हमारी त्वचा के विरुद्ध ही काम करते आए हैं। ऐसे में फिर आप भले कितने ही मंहगे या प्रकार के उत्पादों का प्रयोग क्यूँ नहीं कर लेते हैं, त्वचा का बेजान होना और रुखापन अक्सर सर्दियों की एक आम समस्या बनकर जीवन में पूरी तरह से हावी होता है। जिसके लिए न सिर्फ हमें बाहरी देखभाल की आवश्यकता होती है, ब्लकि शरीर की नमी और आंतरिक रूप से इसे स्वस्थ बनाए रखने के लिए भी, शरीर को मौसम के अनुरूप खाद्य पदार्थों की मांग होती है। खाद्य पदार्थ जो पोषण में उच्च हो और साथ ही हमारी त्वचा को पर्याप्त नमी और पोषण देने के लिए पर्याप्त माने गए हों।
सर्दियों के मौसम में दमकती त्वचा और त्वचा के लचीले पन को बनाए रखने के लिए हमने आपके लिए ऐसे ही 5 खाद्य पदार्थों की सूची तैयार की है, जो आपको त्वचा संबंधी कई परेशानियों से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकते हैं।
1.गाजर
गाजर का सेवन आपको लगभग हर मौसम में कई तरह के फायदे पहुंचा सकता है, लेकिन यह एक सर्दी के मौसम में आने वाले खाद्य के अंतर्गत आता है और बाज़ारों में बहुत अधिक मात्रा में आसानी से उपलब्ध होता है।
गाजर चेहरे की निखार और उसे मुलायम बनाने में मददगार होते हैं। दरअसल गाजर में बीटा कैरोटीन की एक अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो कि गाजर को उसका चमकदार रंग पाने में भी मदद करता है। यह आपकी त्वचा पर निखार लाता है और आपकी त्वचा को एक स्वस्थ और चमकदार त्वचा की ओर ले जाता है।
2.मौसमी फल
सर्दियों के दौरान, संतरे, कीवी, अंगूर, अनन्नास और आंवले जैसे कई मौसमी फलों का समय होता है, जो कि मुख्यतः विटामिन C और फाइबर से भरपूर होते हैं। विटामिन C से भरपूर मौसमी फल शरीर के तापमान को बनाए रखते हैं, विटामिन C रक्त वाहिकाओं के फैलाव में सुधार करके रक्त प्रवाह में सुधार करता है। साथ ही इनमें उपस्थित विटामिन C त्वचा में कसाव, सूरज से बचाव और दाग धब्बों जैसी सामान्य हो चुकी समास्याओं को दूर करता है।
यह भी देखें: फलों के रोजाना सेवन से होने वाले फायदे।
3.गुड़
गुड़ सर्दियों के एक प्रमुख आहार के अंतर्गत आता है, शरीर की गर्मी बनाए रखने के लिए अक्सर घरों में इसका प्रयोग किया जाता है, लेकिन क्या आपको पता है कि गुड़ हमारे शरीर के साथ-साथ चेहरे के लिए भी एक उपयोगी खाद्य है।
गुड़ में ग्लाइकोलिक एसिड अधिक मात्रा में होता है, जो त्वचा के लचीलेपन को बढ़ाने के साथ-साथ झुर्रियों और महीन रेखाओं जैसे उम्र बढ़ने के संकेतों को कम करता है। ग्लाइकोलिक एसिड बेदाग, साफ़ त्वचा को बढ़ावा देने के लिए एक हल्के एक्सफ़ोलीएटर के रूप में कार्य करता है।
यह भी देखें: गुड़ रब रेसिपी जो देगी सर्दियों में होने वाले सर्दी ज़ुकाम से छुटकारा।
4.हरी सब्जियां
सर्दियों के दौरान आपने कई प्रकार की हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन किया होगा और घर में अक्सर इनसे मिलने वाले फायदों के बारे में भी जरूर सुना होगा। लेकिन शरीर को अंदरुनी फायदों के साथ-साथ यह त्वचा को बाहरी रूप से भी स्वस्थ बनाने में कार्य करती हैं। इनसे प्राप्त विटामिन A सर्दियों के दौरान आपकी रूखी और शुष्क हो चुकी त्वचा को कोमल बनाने में अपना योगदान देता है, विटामिन C सूरज की हानिकारक किरणों से बचाव और विटामिन E त्वचा की सूजन को कम करने के लिए कार्य करता है।
यह भी देखें: बदलते मौसम में आपको बुखार से बचाने वाला डाइट चार्ट।
5.ऑलिवऑयल
किचन में रखा हुआ यह खाद्य पदार्थ सर्दियों में आने वाले महंगे मॉइस्चराइज़र का एक सस्ता लेकिन निश्चित रूप से काम में आने वाला प्रतिस्थापन हो सकता है, अक्सर महंगे से महंगे और कई दिनों तक चलने का दावा करने वाले मॉइस्चराइज़र सिर्फ कुछ ही घण्टों में अपनी नमी खो देते हैं, लेकिन ऑलिवऑयल आपकी अंदरुनी त्वचा तक पहुंच कर कार्य करता है, जो कि त्वचा को अधिक समय तक लचीला बनाए रखता है। इसके साथ ही सिर्फ कुछ बूँदों के ही प्रयोग से यह महंगे उत्पादों की खपत और त्वचा में दाग धब्बों को जड़ से खत्म करने की क्षमता के लिए भी जाना जाता है।
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

