हम भारतीय लोग जायके के बड़े शौकीन होते हैं। खाने में जब तक कुछ चटपटा न हो, हमें खाने का मजा ही नहीं आता। और जब जायके की बात हो तो अचार का ज़िक्र होना जरूरी है। हाल ही में मशहूर शेफ़ संजीव कपूर ने अचार की लोकप्रियता को देखते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हरी मिर्च के अचार का एक रेसिपी वीडियो शेयर किया। इस वीडियो के कैप्शन में संजीव कपूर ने लिखा कि “यह ऐसा मिर्च का अचार है जो खाने में कहीं पर भी फिट हो सकता है।” इस वीडियो में संजीव कपूर ने मिर्च का अचार बनाने की एक बहुत ही आसान और स्वादिष्ट सी दिखने वाली रेसिपी शेयर की। आइए जानते हैं संजीव कपूर स्टाइल मिर्च का अचार बनाने का तरीका।
संजीव कपूर की हरी मिर्च का अचार रेसिपी- Sanjeev Kapoors Green Chilli Pickle
संजीव कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हरी मिर्च का अचार बनाने की रेसिपी शेयर करते हुए लिखा कि “इस वीडियो को आवाज के साथ देखिएगा, तभी आपको इस अचार को बनाने का मजा आएगा।” संजीव इस वीडियो में एकदम देसी स्टाइल में हरी मिर्च का अचार बनाते नजर आए, जिसमें उन्होंने हाथ से कुटे मसालों का प्रयोग किया।
संजीव के अनुसार हरी मिर्च के अचार को पकाने में लगभग 10 से 15 मिनट लगते हैं, पर इसे तैयार होने में 2 दिन का समय लग जाता है। इस वीडियो के कैप्शन में संजीव ने हरी मिर्च का का अचार बनाने में काम आने वाली चीजों और विस्तृत विधि का भी जिक्र किया। आइए जानते हैं मिर्च का अचार बनाने के लिए हमें किन-किन चीजों की आवश्यकता होती है।
हरी मिर्च का अचार बनाने के लिए आवश्यक सामग्री:
संजीव कपूर की रेसिपी के अनुसार हरी मिर्च का अचार बनाने के लिए आपको निम्न चीजों की आवश्यकता होगी।
- 100 ग्राम ताज़ी हरी मिर्च टुकड़ो में कटी हुई
- 3 बड़े चम्मच सौंफ
- डेढ़ चम्मच सरसों के बीज
- आधा चम्मच मेथी
- एक कप सरसों का तेल
- ढाई चम्मच सिरका
- आधा चम्मच हींग
- आधा कप हल्दी
- दो चम्मच नमक
हरी मिर्च का अचार बनाने की विधि:
उपरोक्त सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद निम्न विधि से हरी मिर्च का अचार तैयार करें:-
- सबसे पहले ताजी हरी मिर्चों को धोकर उनका स्टेम हाथ से अलग कर दीजिए। उसके बाद चाकू या कैंची की सहायता से मिर्च को छोटे-छोटे गोल टुकड़ों में काट लीजिए।
- अब एक कढ़ाही में सौंफ, सरसों के बीज, और मेथी दाना को खुशबू आने तक गर्म सेक लीजिये। इसके बाद मसालों को मिलाकर हाथ से बारीक कूट लीजिये।
- अब एक पैन में सरसों का तेल तेज गर्म होने के लिए रखिए। जब तेल गरम हो जाए तो गैस बंद कर दीजिए।
- इसके बाद एक कटोरे में कटी हुई हरी मिर्च, सिरका, हींग, हल्दी पाउडर, नमक, और कुटे हुए मसाले एवं गर्म तेल लेकर मिला दीजिए।फिर इस कटोरे को अच्छे से मलमल के कपड़े से टाइट बंद करके 2 दिन के लिए रख दीजिए।
- दो दिन के बाद अचार बनकर तैयार हो जाएगा अब इसे किसी एयर टाइट डिब्बे में बंद करके रखिये और जब भी मन चाहे, खाने के साथ इसका आनंद उठाइए।
अचार की अन्य विभिन्न रेसिपीज़ यहाँ से देखें!
अचार के बिना भारतीय भोजन अधूरा सा लगता है। इस आर्टिकल में हमने आपसे संजीव कपूर की बताई हरी मिर्च का अचार बनाने की विधि साझा की। कैसी लगी आपको यह रेसिपी हमें बताइए और इसे ट्राई कीजिए अपने घर पर एवं शेयर कीजिए इसे अपने दोस्तों व परिवार जनों के साथ। ऐसी ही बेहतरीन रेसिपीज और नई नई जानकारी के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।
यह जरूर पढ़िए:
प्रसिद्ध शेफ अमृता रायचंद ने शेयर की स्वादिष्ट आम का अचार बनाने की विधि
Moringa Pickle Recipe: बीपी और शुगर को रखना है कंट्रोल तो बनाएं सहजन का अचार, जानें विधि
सेब का अचार बनाने की आसान विधि- Apple Pickle Recipe in Hindi
Mustard Oil Benefits in Hindi: जानिए सरसों के तेल के 8 बेहतरीन फायदे, उपयोग और नुकसान
15 स्वादिष्ट और झटपट डिनर रेसिपी, रात के खाने में क्या बनाएं – Dinner Recipes in Hindi
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

