हमारे शरीर को स्वस्थ बने रहने के लिए विभिन्न पोषक व खनिज तत्वों की आवश्यकता होती है। इन्हीं खनिज तत्वों में से एक है जिंक, जिसकी पूर्ति होना हमारे शरीर के विभिन्न अंगों का सुचारू रूप से कार्य करने के लिए आवश्यक है। जिंक के फायदे मुख्य रूप से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा समुचित शारीरिक व मानसिक विकास में होते हैं।
वहीं दूसरी तरफ हमारे शरीर में जिंक की कमी होने पर अनेक संक्रमण व विकास का धीमा होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस आर्टिकल में हम जानेंगे जिंक के फायदे, और साथ ही बताएंगे कि सबसे ज़्यादा जिंक किसमें पाया जाता है (Zinc Rich Foods in Hindi), जिससे आप बच सकें जिंक की कमी से। आइये जानते हैं विस्तार से।
जिंक क्या है?- Zinc in Hindi
जिंक एक प्रकार का खनिज पदार्थ है जो कि हमारे शरीर की सभी कोशिकाओं में पाया जाता है। जिंक को हिंदी में जस्ता कहा जाता है। यह हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाये रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी शरीर की कोशिकाओं में आयरन के बाद सबसे अधिक मात्रा जिंक की ही पाई जाती है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता के मजबूत बने रहने तथा त्वचा के स्वस्थ बने रहने के लिए शरीर में जिंक की पर्याप्त आपूर्ति अत्यंत आवश्यक मानी जाती है। कई अवसरों पर हमारे घावों के इलाज़ में भी जिंक का उपयोग मुख्य रूप से किया जाता है। अन्य खनिज तत्वों जैसे आयरन व कैल्शियम की तरह ही शरीर में जिंक की पर्याप्त मात्रा बने रहना आवश्यक होता है।
विभिन्न प्राकृतिक खाद्य पदार्थों जैसे फल, सब्जियों व जिंक युक्त अनाज खाने से शरीर में जिंक की पूर्ति की जा सकती है। शरीर में जिंक की कमी होने से इम्युनिटी कमजोर हो सकती है, जिससे हम विभिन्न संक्रमणों के शिकार हो सकते हैं।
जिंक के लाभ- Zinc Benefits in Hindi
जिंक हमारे शरीर के लिए सर्वाधिक आवश्यक खनिज तत्वों में से एक है। जिंक के सेवन के हमारे शरीर को निम्न फायदे होते है-:
1. दस्त की समस्या का समाधान है जिंक:
जिंक का एक प्रमुख फायदा दस्त की समस्या से निजात पाने में होता है। शीर्ष संस्था विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा नवजात शिशुओं को जन्म के बाद जिंक की खुराक देने की सलाह दी जाती है, जिससे बच्चे दस्त की समस्या से बचे रहें और अपने आहार का पूर्ण पोषण प्राप्त कर सकें।
2. घाव भरने में सहायक है जिंक:
आये दिन छालों की समस्या से परेशान होने वाले लोगों और लंबे समय तक किसी घाव से पीड़ित लोगों को चिकित्सकों द्वारा जिंक युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन की सलाह दी जाती है। यह बात हाल ही में प्रकाशित NCBI की एक रिपोर्ट में भी पुष्ट की गई थी, जिसके अनुसार जिंक त्वचा के संक्रमण को रोकने, घावों की मरम्मत करने तथा त्वचा को रोग मुक्त बनाने में उपयोगी होता है।
3. यौन स्वास्थ्य सुधारता है जिंक:
जो लोग, खासतौर पर पुरुष, यौन समस्याओं का सामना करते हैं, विशेषज्ञ उन्हें जिंक से भरपूर आहार लेने की सलाह देते हैं। जिंक एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है और शरीर में हार्मोनल संतुलन भी स्थापित करता है, अतः पुरुष यौन स्वास्थ्य के लिए जिंक अत्यंत महत्वपूर्ण है।
4. ओस्टीयोपोरोसिस से बचाव में ज़िंक सहायक:
जिंक शरीर के समुचित विकास के साथ-साथ हमारी हड्डियों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शरीर में जिंक की कमी होना कई तरह के हड्डी रोगों को जन्म देता है। बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं व पुरुषों में ओस्टियोपोरोसिस यानि कि हड्डियों के कमजोर होने की तकलीफ़ बढ़ जाती है। ऐसे में उम्र के हर पड़ाव पर जिंक युक्त आहार लेना चाहिए।
5. न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण जिंक:
कई लोग आए दिन सिरदर्द व सिर में होने वाली झनझनाहट से परेशान रहते हैं। ऐसे लोगों को अपने आहार में जिंक व अन्य खनिज तत्वों की मात्रा बढ़ानी चाहिए। इस बात का आधार हाल ही में किया गया वो अध्ययन है जिसमें शरीर में ज़िंक के लेवल और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं में संबंध की जांच की गई। अध्ययन के नतीजे में ये बात सामने निकलकर आयी कि जिंक लेने के बाद लोगों की न्यूरोलॉजिकल समस्याओं में कमी आती है।
6. रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है जिंक:
जिंक हमारे शरीर के लिए एक इम्यूनिटी बूस्टर का कार्य करता है। आयरन व कैल्शियम की तरह ही खाने में जिंक लेने से शरीर मजबूत बनता है तथा हम संक्रमणों से लड़ने के लिए तैयार हो जाते हैं। कई शोधों में ये बात सामने निकलकर आई है कि जो लोग खाने में जिंक की पर्याप्त मात्रा लेते हैं, उन्हें मौसमी सर्दी-खांसी की समस्या कम होती है।
जिंक के स्रोत- Sources of Zinc
हमारा शरीर कई अन्य पोषक तत्वों की तरह जिंक का निर्माण स्वयं नहीं कर सकता। जिंक की आपूर्ति के लिए हम पूर्णतः बाहरी स्रोतों जैसे आहार अथवा जिंक की गोलियों पर निर्भर रहते हैं। अपने भोजन में जिंक युक्त फल, सब्जियां व अन्य खाद्य पदार्थों को शामिल करना शरीर में जिंक की पूर्ति करने का सबसे आसान तरीका है। आइये जानते हैं उन प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के बारे में, जो हैं जिंक से भरपूर (Zinc Rich Foods in Hindi)-:
1. मूंगफली:
मूँगफली का सेवन शरीर में जिंक की पूर्ति करने का सबसे आसान तरीका है। जिंक के साथ-साथ मूंगफली आयरन, विटामिन ई, फ़ाइबर, फोलिक एसिड, पोटैशियम व मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भी भरपूर होती है।
2. तिल:
तिल जिंक के प्रमुख स्रोतों में से एक है। मूंगफली की तरह ही जिंक भी प्रोटीन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेट व विटामिन बी कॉम्प्लेक्स आदि तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ है। सर्दियों में जिंक की आपूर्ति के लिए तिल के लड्डू खाना सबसे बेहतरीन विकल्प है।
3. अंडे की जर्दी:
अगर आप अपने आहार में जिंक की आपूर्ति के विकल्प तलाश रहे हैं, तो आपको अंडे के पीले भाग का सेवन आवश्यक रूप से करना चाहिए। अंडे का पीला भाग जिंक के अलावा कैल्शियम, आयरन, विटामिन बी12, व अन्य पोषक तत्वों से युक्त होता है। हालाँकि इसका अधिक सेवन शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी बढ़ा सकता है।
4. लहसुन:
लहसुन घरों में आसानी से उपलब्ध हो जाने वाला खाद्य पदार्थ है और यह ज़िंक से भरपूर होता है। लहसुन में जिंक के साथ विटामिन ए, बी व सी तथा पोटैशियम, आयरन, आयोडीन व अन्य पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं।
5. मशरूम:
मशरूम खाना शरीर में जिंक की आपूर्ति का आसान प्राकृतिक तरीका है। मशरूम जिंक के अलावा कैल्शियम, पोटेशियम व फास्फोरस जैसे अन्य तत्वों से भी परिपूर्ण होता है।
उपरोक्त पदार्थों के अतिरिक्त फलियां, दालें, राजमा, नट्स, बादाम, अलसी, मटर, गेहूं इत्यादि भी जिंक के बेहतरीन स्रोत माने जाते हैं।
जस्ता (जिंक) की कमी के लक्षण और नुकसान (Symptoms of Zinc Deficiency)
निम्न लक्षणों से आप शरीर में जिंक की कमी का पता लगा सकते हैं-:
- वजन कम होना
- घावों का देर से भरना
- दस्त से परेशान रहना
- त्वचा पर मुंहासे होना
- बालों का झड़ना
- गंध और स्वाद का कम समझ आआना
- मानसिक स्वास्थ्य कमजोर होना
- भूख न लगना अथवा कम लगना
उपरोक्त लक्षणों का लंबे समय तक बने रहना आपके शरीर में जिंक की कमी होने का संकेत हो सकता है। ऐसे में जस्ता युक्त आहार का सेवन प्रारंभ करें और उपयुक्त चिकित्सकीय परामर्श लें। इस बात का भी ध्यान रखें कि जिंक का सेवन अचानक से अत्यधिक न बढ़ाएं अन्यथा पेट दर्द, मितली आना व मुंह में छाले जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आपको प्रतिदिन जिंक का कितना सेवन करना चाहिए? (How Much Zinc Needed Per Day?)
विशेषज्ञों के अनुसार एक महिला को प्रतिदिन 8 मिलीग्राम व एक पुरुष को दिनभर में 11 मिलीग्राम जिंक का सेवन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। दिनभर में जिंक का इससे कम सेवन कई स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकता है। जिंक युक्त फल, सब्जियां व अन्य खाद्य पदार्थों को खाना जिंक की कमी दूर करने का सबसे आसान तरीका है।
जिंक हमारे शरीर के समुचित विकास के लिए आवश्यक प्रमुख खनिजों में से एक है। इस आर्टिकल में हमने आपसे जिंक के फायदे, जिंक के प्रमुख स्रोत व जिंक की कमी के लक्षण साझा किए। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइये, साथ ही इसे शेयर कीजिये अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ। ऐसी ही अनमोल जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिये BetterButter के साथ।
यह जरूर पढ़िए:
Vitamin D Benefits in Hindi: विटामिन डी के स्रोत, प्रकार, फायदे और नुकसान!
Vitamin C Benefits in Hindi: जानिए विटामिन सी के फायदे व नुकसान और इसके स्रोत!
Vitamin-E Deficiency: जानिए विटामिन ई की कमी होने के कारण, लक्षण और रोकथाम
Arbi Leaves Benefits: आपको कोई नहीं बताएगा ये अरबी पत्ते के फायदे, उपयोग और नुकसान!
15 स्वादिष्ट और झटपट डिनर रेसिपी, रात के खाने में क्या बनाएं – Dinner Recipes in Hindi
Image Source: Google Images (https://www.google.com/imghp?
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

