Home / Uncategorized / 8 आश्चर्यजनक तरीके चाय बनाने के बाद चायपत्ती का उपयोग करने के
चाय बनाने के बाद चाय पत्ती का उपयोग किया जाए और उससे आपकी ज़िंदगी आसान हो जाए, ऐसा कभी सोचा आपने? अक्सर कितनी ही बेकार चीज़ें हमारे काम की निकल आती हैं, हमें पता ही नही होता। ऐसी ही एक चीज़ है चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती और कई लोग इसके फ़ायदों से एकदम अनजान हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि हम उस बची हुई चायपत्ती से दुबारा चाय बनाने के लिए कह रहे हैं, तो ऐसा नही है। एक बार चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती का उपयोग भूलकर भी दुबारा चाय बनाने के लिए न करें क्योंकि उसके अनेकों नुक़सान हो सकते है, पर बची हुई चायपत्ती का उपयोग अन्य बहुत से नुस्ख़ों में किया जा सकता है। आइए जानते हैं विस्तार से।
Table of Contents
चाय पीने से तो हमारे शरीर को ढेर सारे लाभ होते ही हैं क्योंकि चाय में कैफ़ीन, ढेर सारें विटामिन, एंटी-ओक्सिडेंट व अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसके अलावा अगर हम चाय बनाने के बाद चाय पत्ती के उपयोग जानते हैं तो चाय पत्ती हमारे बहुत काम की हो सकती है। आइए जानते हैं चाय बनाने के बाद चायपत्ती के कुछ अनोखे उपयोग-:
चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती का उपयोग बर्तनों को साफ़ करने में किया जा सकता है। अगर आप घर में स्टील या ऐल्यूमिनियम के बर्तनों का इस्तेमाल करते हैं तो बची हुई चायपत्ती आपके बहुत काम की होगी। चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती में बर्तन साफ़ करने का साबुन या ज़ैल मिलाकर बर्तन साफ़ करेंगे तो बर्तन चमक उठेंगें।
बची हुई चायपत्ती का उपयोग अपने चेहरे की रंगत निखारने और आँखों के नीचे से डार्क सर्कल्स साफ़ करने के लिए भी किया जा सकता है। आँखों के नीचे से डार्क सर्कल्स साफ़ करने के लिए बची हुई चायपत्ती को उबाल लें और गुनगुना होने पर उस पानी को रुई की सहायता से अपनी आँखों के नीचे डार्क सर्कल्स पर लगाएँ। इस प्रक्रिया को कुछ दिन नियमित रूप से करने से चायपत्ती में मौजूद एंटी-ओक्सिडेंट तत्वों से आपको लाभ होगा और आँखों के नीचे से डार्क सर्कल्स ग़ायब हो जाएँगे।
चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती का उपयोग घर के शीशे व अन्य फ़र्नीचर चमकाने में भी किया जा सकता है। यदि शीशे पर कोई दाग़ लग जाए या अधिक धुँधलापन छा जाए तो बची हुई चायपत्ती को पानी में उबाल लें और एक स्प्रे बोतल में भरकर रख लें। जब भी आवश्यकता हो, इस पानी को शीशे पर छिड़ककर, मुलायम कपड़े से शीशा साफ़ करें। शीशे पर से गहरे दाग़ भी आसानी से हट जाएँगे। इसी तरह घर पर रखा लकड़ी या काँच का अन्य फ़र्नीचर भी साफ़ किया जा सकता है।
बची हुई चायपत्ती से अपनी त्वचा चमकाने के लिए चायपत्ती के पानी का उपयोग करें। बची हुई चायपत्ती को पानी में उबालकर चायपत्ती का पानी छान लें। अब इस पानी को ठंडा होने के बाद रुई की सहायता से अपनी त्वचा पर मलें। कुछ समय बाद धो लें। इससे आपकी त्वचा पहले से अधिक कोमल और चमकदार हो जाएगी। चायपत्ती के इस प्रयोग से सन-टैनिंग से भी बचा जा सकता है, यानी कि प्रदूषण व धूप के कारण आपकी त्वचा पर छाया कालापन भी दूर हो जाएगा।
चायपत्ती का पानी पैरों की दुर्गन्ध से भी आपको बचा सकता है। बची हुई चायपत्ती को पानी में उबाल लें और पानी को ठंडा होने दें। जब ये पानी गुनगुना हो जाए तो इसमें अपने पैर 10 से 15 मिनट के लिए डुबो लें। इससे अगर आपको पैरों में दुर्गन्ध की शिकायत रहती है तो वो दूर हो जाएगी तथा एड़ियाँ भी कोमल बनेंगी। बेहतर नतीजों के लिए इस पानी में गुलाबजल भी मिला सकते हैं।
बची हुई चायपत्ती का उपयोग बाग़वानी में भी किया जा सकता है। चाय पत्ती से खाद बनाने की विधि एकदम आसान है। आपको बस इतना करना है की चाय बनाने के बाद बची चायपत्ती को संग्रहित करके एक मटके में रखते जाए। कुछ समय बाद चायपत्ती की खाद तैयार हो जाएगी। अपने आस-पास उग रहे फल-फूल के छोटे पौधों में एक निश्चित अंतराल पर उबली हुई चायपत्ती की खाद डालना उन्हें फ़ंगल इन्फ़ेक्शन व अन्य संक्रमणों से बचा सकता है तथा उनकी ग्रोथ में भी सहायक सिद्ध होता है।
चायपत्ती में विभिन्न तरह के विटामिन, एंटी-ओक्सिडेंट व अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिससे चाय पत्ती के फायदे बालों के लिए भी हो सकते हैं। बालों को चमकदार और मज़बूत बनाने के लिए चायपत्ती को उबालकर उसके पानी को अच्छी तरह से छान लें । इस पानी को बालों में शैम्पू लगाने के बाद सिर में डालें और फिर सादे पानी से भी बालों को धो लें। आपके बाल पहले से अधिक चमकदार और मुलायम हो जाएँगे।
चाय बनाने के बाद चायपत्ती का उपयोग आपको दाँत के दर्द से राहत दिलाने में भी प्रभावी सिद्ध हो सकता है। अगर टी-बैग्स का इस्तेमाल करते हैं तो चाय बनाने के बाद बचे हुए टी-बैग्स को पानी में डालकर निचोड़ लें और दाँतों पर रखें। 5-10 मिनट तक टी-बैग्स को इस तरह रखने से दाँत के दर्द में आराम मिलेगा। अगर खुली चाय का उपयोग करते हैं तो किसी साफ़ और पतले सूती कपड़े के छोटे टुकड़े में चाय-पत्ती लपेटकर रख सकते हैं।
अक्सर ऐसी चीज़ें जिनकी हमें जानकारी नही होती, वो भी बहुत काम की निकल आती हैं। इस आर्टिकल में हमने आपसे बची हुई चायपत्ती के उपयोग साझा किए। आप कैसे चाय बनाने के बाद चायपत्ती का उपयोग करेंगे, हमें कमेंट्स में लिखकर बताइए। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइए, साथ ही इसे शेयर कीजिए अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ। ऐसी ही अनोखी जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए बने रहिए BetterButter के साथ।
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किए गए गयी किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।
COMMENTS (0)