Search

Home / Nutrition in Hindi (पोषण) / अगर चाहते हैं अपने बच्चों को तेज़ी से लंबा देखना, तो अपनाइए बच्चों की हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय!

हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय

अगर चाहते हैं अपने बच्चों को तेज़ी से लंबा देखना, तो अपनाइए बच्चों की हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय!

Team BetterButter | मई 29, 2019

विश्वभर के माता-पिताओं के बीच उनके बच्चों की लम्बाई एक चिंता का विषय रहता है, और इसलिए वे अक्सर बच्चों की हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय तलाशते रहते हैं। ये बात तो तय है कि एक अच्छी कद-काठी बच्चे के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक ओर जहाँ बच्चे की लम्बाई उसे अपने माता-पिता से मिले जीन्स पर निर्भर करती है, वहीं दूसरी और शारीरिक सक्रियता और संतुलित आहार की भूमिका को भी नज़रअन्दाज़ नही किया जा सकता। कई शोधों में ये बात सामने निकलकर आयी है कि एक संतुलित आहार प्रणाली और निश्चित तरह के खाद्य पदार्थ बच्चों की लम्बाई बढ़ाने में काफ़ी महत्वपूर्ण होते है। इस आर्टिकल में हम आपके लिए लेकर आए हैं हाइट बढ़ाने के नुस्ख़े और साथ ही बताएँगे आपको कि हाइट बढ़ाने के लिए क्या खाएँ। आइए जानते हैं विस्तार से।  

बच्चों की लम्बाई बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ (Height Increase Food in Hindi)

बच्चों की हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय

बच्चों की लम्बाई का सीधा सम्बंध उन्हें अपने माता-पिता से प्राप्त गुणसूत्रों व उनके आहार और जीवनशैली से होता है। इसके अलावा विभिन्न तरह के योगासन भी बच्चों की लम्बाई बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं। यदि आहार की बात की जाए, तो लम्बाई बढ़ाने के लिए बच्चों के भोजन में ऐसी चीज़ों को शामिल किया जाना चाहिए जिनमें पोषक तत्वों  जैसे प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाईड्रेट इत्यादि की प्रचुर मात्रा उपलब्ध हो। आइए जानते हैं कौनसे हैं वो खाद्य पदार्थ, जिनका सेवन आपके बच्चों की लम्बाई बढ़ाने में सहायता कर सकता है-:  

1. अंडा

अंडे का सेवन बच्चों की लम्बाई बढ़ाने के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। अंडे में कैल्शियम व विटामिन डी पर्याप्त रूप से मौजूद होते हैं जो कि हड्डियों के विकास व कंकाल तंत्र को मज़बूत बनाने में सहायक होते हैं। हमारी हाइट का बढ़ना काफ़ी हद तक हड्डियों की मज़बूती पर ही निर्भर होता है। अंडे में एमिनो एसिड भी मौजूद होता है जो ग्रोथ हॉर्मोन के स्राव को बढ़ाकर हाइट बढ़ाने में मदद करता है। हाइट बढ़ाने के लिए अंडे के सफ़ेद व पीले, दोनों भागों का सेवन करना उचित रहता है। अंडे के फायदे देखते हुए बच्चों को रोज़ एक या दो अंडे अवश्य दें। इसके अलावा अंडा करी, आमलेट, व भुर्जी का सेवन भी करवा सकते हैं।

2. दूध

दूध का सेवन लम्बाई बढ़ाने के घरेलू उपाय में से एक है। अक्सर बच्चे दूध पीने में काफ़ी नख़रे करते हैं, पर शरीर के सम्पूर्ण विकास के लिए दूध का सेवन बढ़ती उम्र के बच्चों के लिए बहुत ज़रूरी है। दूध एक सर्वोत्तम आहार है जिसमें कैल्शियम, प्रोटीन, फ़ोस्फोरस, व मैग्निशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। बच्चों की हाइट बढ़ाने के लिए उनकी हर डाइट में दूध से बनी एक न एक चीज़ जैसे दूध, छाछ अथवा दही अवश्य दें। हालाँकि इस बात का भी ध्यान रखे की बच्चों को दूध सीमित मात्रा में ही मिले, अन्यथा उन्हें पाचन सम्बंधी परेशानी भी हो सकती है।

3. दाल और फलियाँ

हाइट बढ़ाने के लिए दाल और फलियों का सेवन भी विशेषज्ञों द्वारा सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। दरअसल दाल व फलियाँ प्रोटीन के साथ-साथ हमारे शरीर में विभिन्न तरह के अन्य पोषक तत्वों जैसे जिंक, मैग्निशियम, व फ़ाइबर की आपूर्ति करती हैं, जिससे हमारा शरीर मज़बूत बनता है तथा हॉर्मोन भी संतुलित होते हैं। नियमित रूप से अपने आहार में चना, दाल, छोले, फलियों इत्यादि को शामिल करना अपनी हाइट बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका है।

4. मछली

बच्चों की हाइट बढ़ाने के लिए उन्हें मछली का सेवन करवाना भी लाभदायक रहता है। मछली में मौजूद ओमेगा फ़ैटी 3 एसिड हड्डियों के निर्माण और उन्हें मज़बूती प्रदान करने में मददगार होता है। इसके अलावा मछली में विटामिन डी भी पाया जाता है जो लम्बाई बढ़ाने में मदद कर सकता है। क़द बढ़ाने के लिए रवास, सुरमई व कटला मछली का सेवन सर्वश्रेष्ठ माना जाता है।

5. बच्चों की हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय-: फल व सब्ज़ियों का सेवन है ज़रूरी

सब्ज़ियाँ व फल विभिन्न तरह के खनिज तत्वों व विटामिनों का स्रोत होते हैं, और इनका सेवन बढ़ती उम्र के बच्चों की हाइट बढ़ाने में कारगर हो सकता हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फल व सब्ज़ियाँ शरीर के समग्र विकास के लिए तो आवश्यक है ही, साथ ही साथ इनसे शरीर में ग्रोथ हॉर्मोन का स्राव भी बढ़ता है, जिससे हाइट तेज़ी से बढ़ती है। फल व सब्ज़ियों में बढ़ते बच्चों के लिए ब्रोकली, टिंडे, साग, पालक, पत्तागोभी, केला, संतरा व आँवला इत्यादि का सेवन सर्वश्रेष्ठ माना जाता है।

हाइट बढ़ाने के घरेलू नुस्ख़े

उपरोक्त खाद्य पदार्थों के अलावा रागी, अश्वगंधा व अन्य शक्तिवर्धक शाकाहारी व्यंजनों का सेवन भी बच्चों की हाइट बढ़ाने में मददगार होता है। इस बात का भी ध्यान रखें कि बढ़ते बच्चों के आहार के साथ-साथ उनकी दिनचर्या भी स्वास्थ्यपूर्ण हो। एक संतुलित आहार के अलावा बच्चों की हाइट बढ़ाने का तरीका है नियमित व्यायाम व खेल-कूद। बच्चों की हाइट बढ़ाने के लिए उनकी दिनचर्या में निम्न चीज़ों को आवश्यक रूप से शामिल करें-:

1. शारीरिक सक्रियता बच्चों की लम्बाई बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। ऐसे में सुनिश्चित करें कि बच्चे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेलने-कूदने में बिताएँ। टेनिस, बास्केटबॉल, तैराकी व साइकिल चलाना हाइट बढ़ाने के लिए बेहतरीन तरीके हैं।

2. अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चों की लम्बाई अच्छी बढ़े, तो उन्हें रोज़ सुबह लम्बाई बढ़ाने वाले योगासन करने के लिए प्रेरित करें। सूर्य नमस्कार हाइट बढ़ाने के लिए सर्वश्रेष्ठ योगासन माना जाता है।

3. बच्चों के समग्र विकास के लिए पर्याप्त नींद बेहद ज़रूरी है। जब हमारा दिमाग़ सुप्त अवस्था में होता है तो हमारे शरीर में से होर्मोनल स्राव बढ़ जाता है और नए ऊतकों का निर्माण होता है। इसलिए बढ़ते बच्चों के लिए दिन में 8 से 10 घंटे की नींद आवश्यक होती है।

4. हमारा कद हमारी हड्डियों की मज़बूती पर भी निर्भर करता है और हड्डियों को मज़बूत बने रहने के लिए विटामिन डी की आवश्यकता होती है, जो कि हमें सूरज की रोशनी से प्राप्त होता है।ऐसे में बच्चों से कहें कि वे सुबह उठकर कुछ समय सूरज की रोशनी में बिताएँ।

5. हमारे बैठने की मुद्रा भी हमारी लम्बाई में भूमिका निभाती हैं। अगर आपके बच्चे अधिक समय तक लेटे रहते हैं, या फिर कंधे व सिर झुकाकर बैठते हैं, तो इससे उनके शारीरिक विकास पर नकारात्मक असर पड़ता है। ऐसे में बच्चों को रीढ़ की हड्डी सीधी करके बैठने की आदत डलवाएँ।

बच्चों की लम्बाई बढ़ने में माता-पिता से मिले जीन्स के साथ-साथ उनके आहार व दिनचर्या का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। इस आर्टिकल में हमने आपसे बच्चों की हाइट बढ़ाने के घरेलू उपाय साझा किए। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकलम हमें बताइए, साथ ही इसे शेयर कीजिए अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ। ऐसी ही अनमोल जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।

Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

Team BetterButter

COMMENTS (0)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *