Search

Home / Uncategorized / घर पर आसानी से कैसे करें पैडीक्योर

घर पर आसानी से कैसे करें पैडीक्योर

Kavita Uprety | जुलाई 23, 2018

आप को फिल्म पाकीज़ा का वह डायलौग ज़रूर याद होगा जिसमें नायक नायिका के पैर देख कर कहता है “आप के पैर बहुत खूबसूरत हैं। इन्हें ज़मीन पर न उतारियेगा मैले हो जायेंगे”। खूबसूरत पैर किसी फिल्म की नायिका होने के मोहताज़ नहीं है बल्कि आप कुछ आसान से तरीके सीख कर घर बैठे ही अपने पैरों को सुंदर बना सकती हैं और वो भी बहुत कम खर्च पर। रोज़मर्रा कि भागदौड़ में हमारे पैरो की हालत सबसे ज्यादा ख़राब होती है, त्वचा रूखी हो जाती है और एड़ियां फटने लगती हैं। पैरों की देखभाल नज़रअंदाज़ न हो जाए इसके लिए आज हम आपको बताएँगे घर पर पैडीक्योर करने का आसान तरीका और उपयोगी टिप्स। सामान्य दिनचर्या के साथ हर पन्द्रह दिन में एक बार पैडीक्योर करने से पैरों की अच्छी देखभाल हो जाती है और उनकी खूबसूरती बनी रहती है।

 

आवश्यक सामान-

नेल पौलिश रिमूवर, नेलकटर, नेल फाइलर, क्यूटिकल क्रीम, क्यूटिकल पुशर, कॉटन पैड, गर्म पानी में पांव डुबाने के लिए टब, नेल पौलिश, प्यूमिक स्टोन, एक्सफोलिएटिंग स्क्रब क्रीम और तौलिया।

 

घर पर  पैडीक्योर करने का आसान तरीका-

मैनीक्योर की ही तरह पैडीक्योर करने की प्रक्रिया में एक के बाद एक कई सारे चरण होते हैं जिन्हें एक क्रम में करना होता है। आइये शुरू करें

1.नाखूनों से नेलपौलिश हटाएँ

सबसे पहले नाखूनों पर लगी नेलपोलिश को रिमूवर से साफ करें। रिमूवर अच्छी क्वालिटी का ही इस्तेमाल करें क्यूंकि ऐसिटोन युक्‍त रिमूवर नाखूनों व उसके आसपास की त्वचा को रुखा कर देते हैं।

 

2.हल्‍के गर्म पानी के टब में पाँव डुबाएँ

एक टब में गुनगुना पानी भरें और उसमें लिक्विड साबुन या शैम्पू डाल के पांव डुबाएं। पन्द्रह से बीस मिनट तक अपने पैरों को पानी में रहने दें। आप देखेंगे की आपकी एड़ियो की ऊपरी त्वचा फूल कर मुलायम हो गयी है और अब उसे हटाना आसान हो जाएगा । एड़ियों को हल्के स्क्रैपर से रगड़ कर मृत कोशिकाएं हटा दें और प्यूमिक स्टोन से पैरों की त्वचा को रगड़ कर साफ कर लें।

 

3.नाखूनों को काटें और आकार दें

पन्द्रह से बीस मिनट तक पैर डुबाने के बाद अपने पैरों को पानी से निकाल कर तौलिये से अच्छे से सुखा लें। अब नेलकटर और नेल फाइलर की मदद से अपने नाखूनों को मनचाहा आकार दें।

 

4.एक्सफोलिएटिंग क्रीम से स्क्रब करें

इसके बाद नाखूनों पर क्यूटिकल क्रीम लगा कर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। जब तक यह क्रीम नाखूनों के आस पास की त्वचा को नरम बनाएगी तब तक माइल्ड स्क्रब क्रीम का प्रयोग करते हुए पैरों पर धीमे धीमे मसाज करें। इससे पैरों के साथ साथ टांगों तक में जमी मृत कोशिकाएं हट जाती हैं और त्वचा एक्सफोलिएट हो कर साफ हो जाती है।

 

5.क्यूटिकल्स को साफ करें

क्यूटिकल्स को तैयार करने के लिए ऑरेंज/क्यूटिकल स्टिक इस्तेमाल करें और सावधानी  से हर नाखून के आसपास की त्वचा को जिन्हें क्यूटिकल्स कहा जाता है पीछे की ओर धकेलें। अगर आपके पास क्यूटिकल ट्रिमर है, तो हल्के हाथ से अतिरिक्त क्यूटिकल त्वचा काट दे जो नाखून के इर्द गिर्द समय समय पर बनती रहती है। अंत में थोडी सी क्यूटिकल क्रीम से मालिश करें ताकि इस नाज़ुक त्वचा को थोड़ा अधिक पोषण मिले। आप चाहें तो नाखूनों को बफर की मदद से चिकना कर चमक ला सकते हैं।

 

6.पैरों को मौइश्चराइज़ करना

अंत में एक अच्छी मौइश्चराइजिंग क्रीम लेकर अपने पैरों की अच्छी मालिश करें जिससे त्वचा को पूरा पोषण मिले और वह मुलायम हो जाये। एड़ियों पर ज्यादा मालिश की जरुरत होती है ताकि वहां का रूखापन कम हो जाये। अगर आप कर सकें तो सोने से पहले रोज़ाना पैरों की मालिश करें जिससे पैरों की चमक और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है. बाजार में कई तरह की फुट क्रीम भी आसानी से मिल जाती हैं, आप चाहें तो वो भी इस्तेमाल कर सकती हैं।

 

7.नेलपौलिश लगाएँ

अब बारी है नेल पौलिश लगाने की। अपने पसंद का कोई भी रंग चुनिये और एक कोट लगाने के बाद अच्छे से सूखने दें, फिर कुछ देर बाद दूसरा कोट लगायें और फिर टॉप कोट लगायें और इसे पूरी तरह से सूखने दें। नेलपौलिश लगाने का सही तरीका है कि आप लंबे ब्रश स्ट्रोक्स से हर नाखून के बीच के हिस्से से शुरू कर के नीचे से ऊपर सिरे तक पेंट करते जाएं इससे यह एकसार दिखाई देगा। इस आसान तरीके से पेडीक्योर करने के बाद अब अपने खूबसूरत पैरों को देख कर इतराना न भूलें।

 

चित्र स्त्रोत: www.Pinterest.com, www.pinkblog.it, www.thefootcenter.org, www.wikimedia.org, www.naturalremedyideas.com, www.aliexpress.com, www.se.dreamstime.com

Kavita Uprety

BLOG TAGS

Uncategorized

COMMENTS (0)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *