Search

Home / Top Cooking Recipes in Hindi / Nag Panchami 2021: जानिए नाग पंचमी पूजा की विधि तथा इस अवसर के विशेष पकवान!

Naag Panchmi Feature

Nag Panchami 2021: जानिए नाग पंचमी पूजा की विधि तथा इस अवसर के विशेष पकवान!

Himanshu Pareek | अगस्त 9, 2021

नाग पंचमी हिंदुओं के प्रमुख त्योहारों में से एक है। नाग पंचमी 2021 (Nag Panchami 2021) 13 अगस्त को मनाई जाएगी। प्रत्येक वर्ष सावन मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी मनाई जाती है। हिंदू धर्म में नागों की पूजा का विशेष महत्व है, और माना जाता है कि नाग पंचमी के दिन नाग को दूध से स्नान करवाने से कालसर्प दोष दूर हो जाता है एवं सांपों से रक्षा होती है। इस अवसर पर नागों की पूजा करने के अलावा विशेष प्रकार के पकवान भी बनाए जाते हैं। इस आर्टिकल में हम जानेंगे नाग पंचमी मनाने का तरीका और इस अवसर पर बनाए जाने वाले विशेष पकवानों की विधि। आइए जानते हैं विस्तार से। 

नाग पंचमी क्यों मनाया जाता है? 

भगवान शिव के गले में नाग का होना तथा भगवान विष्णु का शेषनाग के साथ रहना नागों को स्वतः ही हिन्दू धर्म में पूजनीय बना देता है। नाग पंचमी मनाने के पीछे हिन्दू धर्म ग्रंथों में विशेष कारण बताए गए हैं। स्कन्द पुराण के अनुसार नाग पंचमी का व्रत करने वाले व्यक्ति को कभी भी सर्पदंश का खतरा नहीं रहता। इसके अतिरिक्त नाग पंचमी के दिन नागों के तस्वीर अथवा चित्र की पूजा करने वाले एवं उसे दूध से स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को धन, ऐश्वर्य, आध्यात्मिक शक्ति एवं मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। 

नाग पंचमी पूजा विधि- How to Celebrate Nag Panchami

नाग पंचमी की पूजा करने के लिए सुबह जल्दी स्नानादि से निवृत्त होकर अपने दरवाजे के दोनों ओर गोबर से सर्पों की आकृति बनानी चाहिए तथा इनकी पुष्प, धूप, दूध आदि से पूजा करनी चाहिए। इसके बाद घर के मंदिर में सर्प की तस्वीर समेत इंद्राणी माई की फल, फूल, चंदन, दूध, एवं पंचामृत से पूजा करनी चाहिए। इसके बाद सर्प देवता के नाम लड्डू, खीर व अन्य मिष्ठान अर्पित करने चाहिए तथा स्वयं भी दिन की शुरुआत मीठे से करनी चाहिए। इससे घर की बुरी शक्तियों से रक्षा होती है। 

नाग पंचमी की रेसिपीज़- Nag Panchami Recipes

नागपंचमी व्यंजन विभिन्न तरह के हो सकते हैं। इस दिन आप मीठे अथवा नमकीन व्यंजन बना सकते हैं। चूंकि कई लोग नाग पंचमी का उपवास करते हैं इसलिए इस दिन सात्विक भोजन करना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। आइये जानते हैं नाग पंचमी की स्पेशल रेसिपीज़-: 

1. तिल के लड्डू

Til Ke Laddu

तिल के लड्डू नाग पंचमी के अवसर पर बनाने के लिए बेस्ट विकल्प है। इन लड्डुओं को बनाने के लिए आपको सफेद तिल, कसा व कुटा हुआ नारियल, टूटा हुआ गुड़ और आवश्यकतानुसार पानी चाहिए होता है। इन लड्डुओं को बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में तिल को भूरा होने तक भून लीजिए। इसके बाद एक कड़ाही में गुड़ डालकर ऊपर से पानी डालिए और गुड़ की चाशनी तैयार कीजिए। इसके बाद चाशनी में कसा हुआ नारियल भी डाल दीजिए। अब इस मिश्रण में सिके हुए तिल को मिलाकर लड्डुओं का मिश्रण तैयार कीजिए, और छोटे-छोटे लड्डू हाथों से बना लीजिए। तिल के लड्डू तैयार हो जाएंगे। 

2. नारियल मिठाई- Nag Panchami 2021 Sweet

Nariyal Mithai

नाग पंचमी के अवसर पर आप नारियल मिठाई भी बना सकते हैं। नारियल मिठाई बनाने के लिए आपको कच्चे चावल, पिसे हुए नारियल, गुड़, घी, और इलायची पाउडर की आवश्यकता होती है। इसे बनाने के लिए पहले चावल को आधे घंटे तक पानी में भिगोकर रखिये और फिर इसे गुड़ व नारियल के साथ पीस लीजिये। इस मिश्रण को एक बड़ी कढ़ाही में निकालकर घी डालिये और सेकते वक़्त हाथ से चलाते रहिये। जब मिश्रण अच्छे से सिक जाए तो इसे एक घी लगी प्लेट में निकाल लीजिए और ठंडा होने के बाद बर्फी के शेप में काटकर निकाल लीजिए। नारियल मिठाई तैयार है। 

3. पुरणाचे दिंड- ​​Nag Panchami Special Food

Purnache Dind

पुरणाचे दिंड बनाने के लिए आपको चना दाल, गुड़, चीनी, जायफल, पाउडर, गेहूं का आटा, नमक, तेल, और देसी घी की आवश्यकता होती है। इस रेसिपी को तैयार करने के लिए सबसे पहले चने की दाल को अच्छे से पका लीजिए और उसका पानी निकालकर बारीक पीस लीजिए। अब इसे कढ़ाही में गैस पर चढ़ाकर इसमें गुड़ और चीनी मिलाइये जब तक कि मिश्रब गाढ़ा न हो जाये। अब इसमें ऊपर से जायफल भी डाल दीजिए, इस प्रकार पूरण तैयार हो जाएगा। अब आटे को नमक व तेल मिलाकर गूंथ लीजिये और इसकी छोटी-छोटी लोइयाँ बेलकर उनमें पूरण भरिये और फोल्ड करके दिंड तैयार कीजिए। इसके बाद इन दिंड को भाप लगाकर सेक लीजिये एवं पकने के बाद देसी घी के साथ सर्व कीजिये। 

4. पठौली

Patholi

पठौली बनाने के लिए आपको कसे हुए नारियल, गुड़ और इलाइची की आवश्यकता भरावन के लिए तथा चावल का पेस्ट बनाने के लिए चावल, पोहे, गुड़, नारियल, नमक व केले के पत्ते की आवश्यकता होती है। इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले चावल को भिगोकर रखें और इसे पोहा, गुड़ व नमक के साथ अच्छे से पीस लें। इसमें तब तक पानी डालें जब तक कि पेस्ट तैयार न हो जाये। इसके बाद गुड़ व नारियल को इलाइची पाउडर के साथ मिलाकर भरावन तैयार कीजिये। अब केले के पत्तों पर चावल का पेस्ट लगाइए और अंदर भरावन भरकर इन्हें फोल्ड कीजिये। तैयार पठौली को 10-12 मिनट तक भाप देकर सेकिये। व्यंजन तैयार हो जाएगा। 

5. करा कडुबु

करा कडुबु एक चटपटा व्यंजन है जिसे बनाने के लिए आटे के अलावा भीगी हुई उड़द की दाल, इडली रवा, कटी हुई धनिया की पत्तियां, करी पत्ते, अदरक, जीरा, काली मिर्च, कसा हुआ नारियल, भीगी हुई मूंग की व चने की दाल और हींग की आवश्यकता होती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आटे की लोइयों को गोल बेल लीजिये और फिर इसे चिकना करने के लिए केले की पत्तियों के बीच में दबाइये। इसके बाद तैयार भरावन को लोइयों के बीच में रखकर फोल्ड करते जाइये। सारी लोइयाँ तैयार होने के बाद इसे 10-12 मिनट तक भाप से पकाइये और करा कुडुब का आनंद उठाइये। 

नाग पंचमी 2021(Nag Panchami 2021) बस आने को है। इस अवसर पर कई लोग व्रत करेंगे तथा इस दौरान विभिन्न प्रकार के सात्विक पकवान बनाए जाएंगे। इस आर्टिकल में हमने आपसे नाग पंचमी के अवसर पर बनाई जा सकने वाली अनोखी रेसिपीज़ (Nag Panchami Food Items) शेयर की। कैसा लगा आपको यह आर्टिकल, हमें बताइए और इसे शेयर कीजिए अपने दोस्तों व परिवार जनों के साथ। ऐसी ही बेहतरीन रेसिपीज़ और नई-नई जानकारी के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ। 

Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

 

 

Himanshu Pareek

हिमांशु एक लेखक हैं और उन्हें खान-पान, आयुर्वेद, अध्यात्म एवं राजनीति से सम्बंधित विषयों पर लिखने का अनुभव है। इसके अलावा हिमांशु को घूमना, कविताएँ लिखना-पढ़ना और क्रिकेट देखना व खेलना पसंद है।

COMMENTS (0)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *