Search

Home / हेयर केयर टिप्स / खूबसूरत बालों के लिए कुछ खास योग आसन

खूबसूरत बालों के लिए कुछ खास योग आसन

Kavita Uprety | सितम्बर 27, 2018

खूबसूरत घने बाल हर कोई पाना चाहता है चाहे फिर वो बूढ़ा हो या जवान। बल्कि अगर यह कहा जाए कि सर के बाल झड़ जाने से व्यक्ति उम्र से पहले ही बूढ़ा नज़र आने लगता है तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। अच्छे आहार के साथ साथ योग के कुछ विशेष आसन करने से न केवल बाल झड़ने की समस्या दूर होती है बल्कि बाल स्वस्थ और चमकीले भी बनते हैं।  इसका कारण यह है कि इन आसनों को करने से जहां पाचन क्रिया दुरुस्त होती है वहीं सिर की त्वचा में रक्त का संचार बढ़ता है और बालों की जड़ों को पोषण मिलता है परिणामस्वरूप बालों के स्वास्थ्य पर आश्चर्यजनक प्रभाव पड़ता है। आइये जानते हैं कि वो कौन कौन से आसन हैं जो बालों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी होते हैं ।

 

1.वज्रासन

वज्रासन अन्य आसनों से इसलिए अलग है क्योंकि इसे भोजन के तुरंत बाद भी किया जा सकता है जबकि और किसी आसन को नहीं। इसमें शरीर आगे की ओर झुकता है जिसके कारण सिर की कोशिकाओं में रक्त संचार बढ़ता है। यह मूत्र विकारों के साथ साथ वज़न कम करने में सहायक है और पाचन शक्ति को बढ़ाता है। अच्छे पाचन के कारण शरीर में पोषण बढ़ता है जिससे बालों का गिरना कम हो जाता है और उनकी चमक भी बढ़ती है।

 

2.कपालभाति प्राणायाम

प्राणायाम के इस प्रकार में दिमाग की कोशिकाओं को अधिक मात्रा में ऑक्सीजन मिलने के कारण तंत्रिका तंत्र को विशेष लाभ पहुंचता है । यह शरीर से टौक्सिन्स को बाहर निकालता है और मोटापे को दूर करने में भी मदद करता है। कपालभाति प्रणायाम से ब्लड सर्कुलेशन ठीक होता है और शरीर का मेटाबॉलिज्म बढ़ता है जिसके कारण बालों का झड़ना कम हो जाता है।

 

3.सर्वांग आसन –

यह थायराइड ग्रंथि को मजबूत बनाता है जिसके कारण व्यक्ति कि श्वसन क्रिया, पाचन क्रिया, जननांग और तंत्रिका तंत्र स्वस्थ तरीके से कार्य करते हैं। इस आसन में सिर नीचे की ओर झुका हुआ रहता है जिसके कारण सिर की त्वचा में खून का संचार बढ़ता है और बालों की लंबाई बढ़ने के साथ साथ चमक भी आती है।

 

4.पवनमुक्तासन –

यह आसन अपान वायु यानि कि गैस को दूर करने के लिए प्रभावी है साथ ही इससे पाचन शक्ति भी बढ़ती है। इसके नियमित अभ्यास से पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियाँ मज़बूत होती हैं और पेट और कूल्हों पर जमी हुई वसा भी कम होती है। अच्छे पाचन से बालों को पोषण मिलता है और उनका स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है।

 

5.अधोमुख शवासन

इस आसन में भी नीचे झुकी हुई गरदन से सिर में रक्त का संचार बढ़ जाता है जिससे बालों का स्वास्थ्य बेहतर होता है साथ ही यह साइनस और सर्दी के लिए भी एक अच्छा इलाज़ है। दिमागी थकान, तनाव और नींद न आने जैसी समस्याओं में भी यह आसन उपयोगी है।

 

6.मत्स्यासन-

एक ऐसा आसन जिसमें शरीर का आकार मछ्ली कि तरह हो जाये। यह हठ योग का एक प्रकार माना जाता है और इसे खाली पेट किया जाता है। इसमें धड़ को पीछे की ओर ले जाते हुए सर को पूरी तरह से पीछे की ओर झुकाते हैं जिससे रक्त संचार कंधे, गले, गरदन और सर की तरफ बढ़ने से बालों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है।

 

7.उत्तानासन-

उत्तानासन या आगे की ओर झुकने वाला यह आसन एक उत्साहपूर्ण आसन है जो शरीर को जीवंत करता है। उत्तानासन ऊपरी शरीर में रक्त संचार को बढ़ाने में मदद करता है, इस प्रकार बालों के झड़ने में कमी आती है और बाल सुंदर बनते हैं। यह दिमाग को शांत करने के साथ साथ चिंता से भी राहत देता है, बालों की गुणवत्ता में सुधार करता है।

 

चित्र श्रोत: www.wikipedia.org

 

 

Kavita Uprety

COMMENTS (0)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *