Search

Home / Nutrition in Hindi (पोषण) / Drinks for Summer in Hindi: गर्मी से बचने के लिए 6 रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स रेसिपी

समर ड्रिंक्स रेसिपी

Drinks for Summer in Hindi: गर्मी से बचने के लिए 6 रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स रेसिपी

Himanshu Pareek | मार्च 29, 2023

तापमान के बढ़ने के साथ हमें गर्मी से बचने के उपाय करने पड़ते हैं। चूँकि गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है, ऐसे में अब हमें तलाश रहेगी उन ठंडे रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स की (drinks for summer in hindi) जो हमें तरोताज़ा रखने के साथ-साथ शरीर में से पानी की कमी को दूर कर सकें। यूँ तो बाज़ार में कोल्ड ड्रिंक्स, पैक्ड जूस व अन्य ठंडे पेय पदार्थ आसानी से मिल जाते हैं, पर इनमें आर्टीफ़िशियल मिठास और इन्हें लम्बे समय तक संरक्षित रखने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है।

इस तरह के पेय पदार्थ आपके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं, इसलिए इस आर्टिकल में हम आपके लिए लेकर आए हैं गर्मियों के लिए बेहतरीन ठंडे पेय पदार्थों की जानकारी, और इन्हें घर पर ही तैयार करने का आसान तरीका (how to make summer drinks at home in hindi)। तो आइए जानते हैं विस्तार से।

गर्मियों के लिए ठंडे रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स (Drinks for Summer in Hindi)

गर्मियों में हमारे शरीर से पानी जल्दी-जल्दी कम होता है, जिससे कई बार डिहाईड्रेशन की भी नौबत आ जाती है। तीखी धूप में बाहर घूमने या कड़ी मेहनत वाला काम करने से शरीर में मौजूद ऊर्जा व पोषण भी जल्दी-जल्दी समाप्त होते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ गर्मी से बचने के उपाय बताते हुए रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स के इस्तेमाल की सलाह देते हैं, जिससे शरीर में शीतलता बनी रहे। ठंडे पेय पदार्थों के सेवन के समय हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हम प्राकृतिक रूप से ठंडी तासीर वाले पौष्टिक पेय पदार्थों का सेवन करें।

गर्मियों में ठंडक की आवश्यकता और पोषण की ज़रूरत को ध्यान में रखते हुए हम आपके लिए लेकर आए हैं, घर पर ही बनाए जा सकने वाले उन ठंडे पेय पदार्थों की सूची, जिनका सेवन है पोषण और शीतलता से भरपूर, और स्वास्थ्य के लिए एकदम सुरक्षित। आइए जानते हैं बेस्ट होममेड समर ड्रिंक्स के बारे में:-

1. आम पना:

 

आम पना (समर ड्रिंक्स)

 

आम पना गर्मियों में भारत के विभिन्न हिस्सों में पीये जाने वाले प्रमुख रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स में से एक है। इसे कच्चे आम के गूदे से तैयार किया जाता है, जिसकी तासीर प्राकृतिक रूप से ठंडी होती है। आम पना बनाने में पुदीना, भुना हुआ जीरा, काला नमक व अन्य मसालों का उपयोग भी किया जाता है, जो शरीर को ठंडक पहुँचाने के साथ-साथ विभिन्न विटामिन तत्वों व औषधीय गुणों की आपूर्ति भी हमारे शरीर में करते हैं। ठंडे पानी में बनाया गया आम पना पोषण और शीतलता का अच्छा और स्वादिष्ट स्रोत होता है, जो कि आपको डिहाईड्रेशन व लू से बचा सकता है। आम पना बनाने की सम्पूर्ण विधि आप यहाँ से देख सकते हैं।

2. नींबू की शिकंजी:

 

नींबू की शिकंजी (समर ड्रिंक्स)

 

नींबू पानी अथवा नींबू शिकंजी के बारे में तो आप जानते ही होंगे, पर क्या आप जानते हैं कि नींबू पानी का नियमित सेवन आपको गर्मियों में तीखी धूप व झुलसाने वाली गर्मी से बचाने में कारगर हो सकता है? दरअसल नींबू की तासीर ठंडी होती है, और नींबू के रस में ऐसे अनेकों पोषक तत्व व विटामिन पाए जाते हैं, जो कि तीखी गर्मी में भी हमारे शरीर में ठंडक और पोषण की पर्याप्त मात्रा बनाए रखते हैं।

नींबू पानी बनाने के लिए एक ग्लास ठंडे पानी में आधा कटा हुआ नींबू डालें। उसमें ऊपर से चीनी, काला नमक व पिसा हुआ पुदीना डालकर मिला लें। स्वादिष्ट नींबू पानी तैयार है। नींबू पानी का नियमित सेवन आपको पानी की कमी से बचाने के अलावा आपकी त्वचा को मुलायम बनाने, पाचन क्रिया को बेहतर बनाने तथा वज़न कम करने में भी सहायता करता है।

3. छाछ:

 

रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स

 

छाछ एक शक्तिवर्धक पेय पदार्थ है। दही को अच्छे से मथने के बाद और उसमें से मक्खन निकालने के बाद जो तरल पदार्थ बचता है, उसे छाछ कहा जाता है। छाछ का सेवन भारतीय ग्रामीण परिवेश में प्रमुखता से किया जाता है, जहाँ इसे मट्ठा भी कहा जाता है। छाछ की तासीर ठंडी होती है, और पोषण की दृष्टि से गर्मियों में यह बहुत लाभदायक मानी जाती है। छाछ से ही मीठी व नमकीन लस्सी तैयार की जाती है। यह ज़रूरी नही है की छाछ का सेवन करने से पहले उसमें से मक्खन निकाला जाए। दही को मथने के बाद लस्सी की पौष्टिकता और उसका स्वाद बढ़ाने के लिए आप मक्खन वाली लस्सी भी पी सकते हैं।

आयुर्वेद में छाछ को बहुत लाभदायक माना जाता है, और इसके अनेकों स्वास्थ्य लाभ बताए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार छाछ का सेवन पेट में शीतलता बनाए रखता है, और इसके नियमित सेवन से अल्सर व आँतों के संक्रमण से बचाव होता है। छाछ में नमक, जीरा, व पुदीना मिलाकर छाछ का सेवन खाने के साथ भी किया जा सकता है। छाछ पीने से शरीर में विभिन्न विटामिनों व खनिज तत्वों और मुख्य रूप से कैल्शियम की आपूर्ति होती है।

4. पुदीना शर्बत:

 

पुदीना शर्बत

 

गर्मियों की थकान और बेचैनी दूर करने के लिए आप ठंडे खट्टे-मीठे पुदीना शर्बत का सेवन भी कर सकते हैं। पुदीना शर्बत एक बेहतरीन रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स है। इसे बनाने के लिए ताज़े पुदीने की 10-12 पत्तियाँ लेकर अच्छे से पीस लें। इसे एक ग्लास ठंडे पानी में मिलाएँ और उसमें ऊपर से काला नमक व शक्कर मिलाएँ।

साथ ही इसमें एक चम्मच सौंफ़ पीसकर भी डाल दें। इस मिश्रण को अच्छे से मिलाएँ। ठंडा-ठंडा पुदीना शर्बत तैयार है। पुदीने की तासीर ठंडी होती है और पुदीना शर्बत गर्मियों में आपको लू लगने से बचाएगा। इसके अलावा पुदीने शर्बत का सेवन गर्मियों में मन ख़राब होने, मितली आने अथवा उल्टी-दस्त होने पर भी लाभकारी होता है।

5. ठंडाई (विशेष समर ड्रिंक्स)

Special Drinks for Summer in Hindi

 

जैसा की नाम से ही स्पष्ट हो जाता है, ठंडाई का सेवन गर्मियों में आपको शीतल बनाए रखने में कारगर होता है। ठंडाई एक तरह का मिश्रण होता है जिसमें शक्कर, गुलाबजल, तरबूज व ख़रबूज़ के पिसे हुए बीज, पिसी हुई काली मिर्च, पिसी हुई बादाम, किशमिश, सौंफ़ व खस इत्यादि मौजूद होते हैं। यह मिश्रण बाज़ार में तैयार मिल जाता है, या फिर आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। ठंडाई को ठंडे दूध में डालकर पीया जाता है। ठंडाई की तासीर शीतल होती है, और इसमें मौजूद ताक़तवर्धक तत्वों की वजह से यह पीने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ काफ़ी पौष्टिक भी होती है।

6. तरबूज़ का रस:

 

तरबूज़ का रस

 

तरबूज़ गर्मियों में खाया जाने वाला प्रमुख फल है। तरबूज़ का सेवन हमारे शरीर में तेज़ी से पानी की आपूर्ति करता है। या तो आप तरबूज़ का सेवन गर्मियों में फल के रूप में कर सकते हैं, या फिर इसका जूस निकालकर भी पी सकते हैं। तरबूज़ में डिहाईड्रेशन दूर करने की ग़ज़ब की क्षमता होती है। इसके अलावा तरबूज़ में विभिन्न तरह के एंटीओक्सिडेंट्स व अन्य खनिज तत्व भी पाए जाते हैं जो कि शरीर में पोषण की उचित मात्रा बनाए रखते हुए हृदय रोगों, कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों से लड़ने में मददगार होते हैं।

 

उपरोक्त रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक्स के अलावा आप ठंडक पाने के लिए फ़ालसे का शरबत, गन्ने का रस, बेल का शर्बत, गुलाब का शर्बत, जलजीरा इत्यादि गर्मी के रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स भी आज़मा सकते हैं। इसके अलावा गर्मियों में नारियल पानी सेवन व सत्तू का सेवन भी सर्वश्रेष्ठ रहता है।

 

गर्मियों के मौसम में हमारे शरीर में तेज़ी से पानी की कमी होती है और हम गर्मी से बचने के उपाय तलाशने लगते हैं। इस आर्टिकल में हमने आपसे घर पर बने ठंडे व पौष्टिक पेय पदार्थों की जानकारी (Drinks for Summer in Hindi) और इन्हें बनाने की विधियाँ साझा की। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइए, साथ ही इसे साझा कीजिए अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ। ऐसी ही अनमोल जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।

यह जरूर पढ़िए:

गर्मी के खाद्य पदार्थो के टिप्स

गर्मियों में त्वचा को हाइड्रेटेड रखने के तरीके

गर्मी में लू से बचने का एक बेहतरीन गाइड

15 स्वादिष्ट और झटपट डिनर रेसिपी, रात के खाने में क्या बनाएं – Dinner Recipes in Hindi

 

 

 

 

Image Source: Google Images (https://www.google.com/imghp?hl=en)

Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

Himanshu Pareek

हिमांशु एक लेखक हैं और उन्हें खान-पान, आयुर्वेद, अध्यात्म एवं राजनीति से सम्बंधित विषयों पर लिखने का अनुभव है। इसके अलावा हिमांशु को घूमना, कविताएँ लिखना-पढ़ना और क्रिकेट देखना व खेलना पसंद है।

COMMENTS (0)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *