Search

Home / Nutrition in Hindi (पोषण) / कम वजन और हेल्दी स्किन पाने जैसे 12 फायदे जो आपको अंगूर से मिल सकते हैं

Grapes Benefits in Hindi: अंगूर खाने के फायदे और औषधीय गुण

कम वजन और हेल्दी स्किन पाने जैसे 12 फायदे जो आपको अंगूर से मिल सकते हैं

Marketing Team | फ़रवरी 1, 2022

अंगूर का सेवन हम सभी ने जीवन में कभी न कभी किया ही होगा। खट्टा-मीठा और रसीला यह फल खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, उतना ही स्वास्थ्यवर्धक व औषधीय गुणों से भी युक्त होता है। अंगूर खाने के फायदे देखते हुए इसका सेवन वाइन, जैम, सिरका, किशमिश, जूस, जैली आदि अनेक रूपों में किया जाता है। अंगूर की खेती भारत समेत विश्व के कई हिस्सों में की जाती है। भारत में प्रतिवर्ष अंगूर की उपज ख़ूब होती है और देश के विभिन्न हिस्सों में इसे अलग-अलग नामों जैसे मराठी में द्रखा, तमिल में पज़म, तेलुगु में द्रखा पाण्डु आदि नामों से जाना जाता है। विश्व भर में अंगूर की कई किस्में पाई जाती हैं जिनमें लाल अंगूर, नीले अंगूर, बैगनी अंगूर, गुलाबी अंगूर, सफेद अंगूर, काले अंगूर एवं हरे अंगूर प्रमुख है। अंगूर के औषधीय गुण इसकी सभी क़िस्मों में लगभग समान ही रहते हैं। इस आर्टिकल में हम जानेंगे अंगूर के फायदे और चर्चा करेंगे इसके स्वास्थ्य गुणों की। आइए जानते हैं विस्तार से।

 

अंगूर के औषधीय गुण

अंगूर ठंडी तासीर वाला एक खट्टा और रसीला फल है जो कि विभिन्न प्रकार के खनिज तत्वों और विटामिन गुणों से युक्त होता है। अंगूर में प्रोटीन, पोटैशियम, आयरन, कॉपर, और फाइबर की प्रचुर मात्रा पाई जाती है और ये सभी पोषक तत्व हमारी सेहत के लिए काफ़ी फायदेमंद होते हैं। इन पोषक तत्वों के अतिरिक्त अंगूर विटामिन सी, विटामिन के, विटामिन ए और विटामिन बी 2 का भी एक अच्छा स्रोत है और इसका सेवन हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनाता है। विशेषज्ञों के अनुसार अंगूर एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुणों एवं फिनोल व पॉलीफेनॉल जैसे दुर्लभ तत्वों से युक्त होता है। अंगूर में प्राकृतिक रूप से पानी की प्रचुर मात्रा पायी जाती है और इसका नियमित सेवन शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता। अंगूर का सेवन गर्मियों में करना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है।

 

अंगूर खाने के फायदे – Grapes Benefits

Grapes Benefits in Hindi

अंगूर में पाए जाने वाले विभिन्न पौष्टिक तत्व एवं विटामिन इसे हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत बेहतरीन बनाते हैं।अंगूर का नियमित सेवन सिर्फ हमारी सेहत के लिए ही लाभदायक नहीं होता बल्कि इसके औषधीय गुण हमें कई बीमारियों से भी बचा सकते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं हमारे शरीर के लिए अंगूर के फायदे-:

1. कोलेस्ट्रोल कम करने में अंगूर के फायदे

अंगूर का मुख्य लाभ हमारे शरीर में मौजूद खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में होता है। अंगूर में फ्लैवोनॉइड्स व विभिन्न प्रकार के एंटी ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो कि शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखते हैं। अंगूर में पाए जाने वाले पॉलीफेनॉल्स नामक तत्व हायपोलिपिडेमिक को कम करने में कारगर होते हैं। अंगूर के नियमित सेवन से शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे कम होने लगता है तथा अच्छे कोलेस्ट्रॉल में वृद्धि होने लगती है जो कि दिल के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। अपना कोलेस्ट्रोल कम करने के लिए लाल अंगूर के जूस का सेवन करना प्रारंभ कर सकते हैं।

2. रक्तचाप नियंत्रित करने में अंगूर के फायदे

अनियंत्रित रक्तचाप आजकल विश्व भर के लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बन चुका है। इस समस्या का समाधान घर बैठे ही आसानी से किया जा सकता है, बस इसके लिए आपको आवश्यकता है अपनी जीवनशैली और खानपान में कुछ बदलाव करने की। अपने रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए आप अंगूर का सेवन करना आरंभ कर सकते हैं, क्योंकि अंगूर में पर्याप्त मात्रा में पोटेशियम पाया जाता है जो कि हाई ब्लड प्रेशर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है।

3. पाचन तंत्र की समस्या दूर करने में

अंगूर का नियमित सेवन हमारे पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में बहुत कारगर होता है क्योंकि अंगूर के रस में पॉलीफेनॉल नामक तत्व पाया जाता है, जो कि शरीर में पाचन रसों के प्रवाह को बढ़ाने का काम करता है। अगर आपको लंबे समय से अपच एवं कब्ज की समस्या बनी हुई है तो अंगूर का नियमित सेवन करना प्रारंभ करें क्योंकि इसमें पर्याप्त मात्रा में फाइबर पाया जाता है जो कि हमारे पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है तथा अंगूर में पानी की अधिकता व शीतल तासीर अपच से होने वाली पेट की जलन से भी राहत दिलाती है।

4. घुटनों का दर्द दूर करने में अंगूर के फायदे

अगर आप लंबे समय से घुटनों के दर्द से परेशान हैं तो इसका कारण आपकी हड्डियों का कमजोर होना व उनका लचीलापन खत्म होना हो सकता है। अंगूर का नियमित सेवन आपकी हड्डियों को मजबूत बनाता है क्योंकि इसमें आयरन, कॉपर, व मैंगनीज़ जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो कि हड्डियों के गठन में मुख्य तत्व होते हैं। अंगूर का नियमित सेवन हड्डियों में कैल्शियम का स्तर भी सुधारता है तथा शरीर में हड्डियों का घनत्व बेहतर बनाता है। अंगूर में मौजूद पॉलीफेनॉल तत्व हड्डियों का लचीलापन बरकरार रखने का काम करता है जिससे घुटनों के दर्द में राहत मिलती है।

5. दिमाग को बेहतर बनाता है अंगूर का सेवन

अंगूर का सेवन करना हमें शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ हमारे दिमाग की शक्ति को भी बेहतर बनाता है। शोधों के अनुसार अंगूर में रेस्वेराट्रॉल नामक यौगिक मौजूद होता है जो कि मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह को बढ़ा देता है,  जिससे दिमाग के काम करने की क्षमता बेहतर होती है। कई बार हम देखते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ लोगों कि इसमें शक्ति कम होती जाती है ऐसे में अंगूर का सेवन लाभदायक हो सकता है क्योंकि इसमें मौजूद विभिन्न प्रकार के पॉलीफेनॉल तत्व, अल्जाइमर नामक बीमारी को धीमा करने का कार्य करते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार अंगूर का सेवन करना दिमाग को प्लाक एवं ऐसे कणों से राहत दिलाता है जो कि मस्तिष्क की कार्य क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं।

6. आंखों के लिए वरदान है अंगूर

कमजोर दृष्टि आजकल बच्चों व बुर्जुगों सभी के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है, ऐसे में अगर अंगूर का सेवन नियमित रूप से किया जाए तो आंखों की रोशनी लंबे समय तक सर्वोच्च स्तर पर बनी रह सकती है। कई अध्ययनों के अनुसार अंगूर नियमित रूप से खाना हमारे रेटीना की सुरक्षा करता है, तथा इससे संबंधित अंधेपन की समस्या से बचाव करता है। अंगूर में पाए जाने वाले इन्फ्लेमेटरी गुण आंखों की सूजन को दूर करते हैं तथा ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस को दूर करके आंखों को राहत पहुंचाते हैं। जैसा कि हम जानते हैं कि अंगूर में विभिन्न पॉलिफिनॉल्स मौजूद होते हैं और ये पॉलीफेनॉल फोटोरिसेप्टर्स यानी कि आंखों की कुछ खास कोशिकाओं की सुरक्षा करते हैं और हमारी दृष्टि को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखते हैं। नियमित रूप से अंगूर का रस पीना मोतियाबिंद से बचने का भी आसान उपाय है।

7. शारीरिक कमजोरी दूर करने में अंगूर खाने के फायदे

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में अस्वस्थ खानपान और अनियमित जीवनशैली के चलते शरीर कमजोर होना एवं थकावट होना बहुत आम बात है। ऐसे में अंगूर के फल अथवा अंगूर के रस का सेवन काफी लाभ पहुंचा सकता है। अंगूर में विभिन्न प्रकार के विटामिनों के साथ-साथ मैग्नीशियम, आयरन, फास्फोरस, एवं कॉपर जैसे खनिज पाए जाते हैं और जब ये सभी तत्व हमारे शरीर में पहुंचते हैं, तो हमारे शरीर को असीम ऊर्जा प्राप्त होती है। अंगूर का आप को नियमित रूप से सेवन तो करना ही चाहिए, इसके अलावा जब भी आप कभी थका हुआ महसूस करें एक मुट्ठी अंगूर खा लें या फिर एक गिलास अंगूर का ताजा रस पी लें।इससे शरीर में तुरंत पौष्टिक तत्वों की आपूर्ति होगी और आप रिफ्रेश फील करेंगे।

8. स्वस्थ त्वचा पाने में अंगूर खाने के फायदे

अंगूर विभिन्न प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स के साथ-साथ रेसवेरेट्रॉल नामक यौगिक से भी भरपूर होता है जो कि हमारी स्किन के लिए बहुत लाभदायक माना जाता है। अंगूर का रस पीने से हमारे शरीर में पॉलीफेनॉल नामक तत्वों की आपूर्ति होती है जिससे तीखी धूप में सनबर्न से बचाव होता है तथा सूरज की हानिकारक अल्ट्रावॉयलेट किरणों से भी हम बच जाते हैं। अंगूर का बीज शरीर की डिटॉक्सिफिकेशन प्रक्रिया के लिए बहुत कारगर होता है, और यह शरीर में से विषाक्त पदार्थों को निकालने का काम भली-भांति करता है, जिससे त्वचा अपने आप साफ होने लगती है। अंगूर में मौजूद विभिन्न प्रकार के एन्टीऑक्सडेंट्स तथा एंटीबैक्टीरियल गुण हमें कील-मुहांसों से बचाते हैं एवं स्किन के बूढ़ा होने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं। नियमित रूप से अंगूर खाना स्किन कैंसर से बचाव में भी कारगर माना जाता है।

9. रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में अंगूर के फायदे

हमारी इम्यूनिटी बढ़ाने में विटामिन सी एक अत्यंत महत्वपूर्ण तत्व है और अंगूर में यह तत्व प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। विटामिन सी के अलावा अंगूर में रेसवेराट्रॉल नामक यौगिक भी पाया जाता है जो कि शरीर को बीमारियों से दूर रखता है और किसी भी संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। एक ऐसे समय में जब हमारे आसपास ढेर सारी बीमारियांं फैली हुई हैं, और नए-नए संक्रमण निकलकर सामने आ रहे हैं, ऐसे में अंगूर का सेवन नियमित रूप से करें, जिससे आपके शरीर में विटामिन सी के साथ-साथ आयरन, विटामिन बी6 एवं अन्य तत्वों की आपूर्ति हो और आप बीमारियों से बचे रहें।

10. वजन घटाने में कारगर है काले अंगूर का सेवन – Black Grapes Benefits

बढ़े हुए वजन और मोटापे से आजकल विश्व के बहुत सारे लोग परेशान हैं ऐसे में काले अंगूर का नियमित सेवन करना वजन कम करने में कारगर हो सकता है। अंगूर में एंथोसायनिन व फ्लेवन-3 ओल्स जैसे तत्व मौजूद होते हैं और इसका सेवन करना वजन कम करने में कारगर होता है। अंगूर में फाइबर की अधिकता होती है जबकि कैलोरी बहुत कम मात्रा में पाई जाती है। खासतौर पर काले अंगूर में कैलोरी बहुत कम मात्रा में होती है जिससे स्नैक्स के रूप में अंगूर को अपने आहार में शामिल करना वजन कम करने का आसान तरीका है।

11. हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है अंगूर

अंगूर का सेवन करना हमारे हृदय के स्वास्थ्य के लिए बहुत बेहतरीन माना जाता है। अंगूर में पोटेशियम प्रचुर मात्रा में होता है, जिससे शरीर में रक्तचाप का स्तर नियंत्रित रहता है। अंगूर के एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण रक्त वाहिकाओं की सूजन कम करने एवं धमनियों को सख्त होने से रोकने में कारगर होते हैं, जिससे शरीर में रक्त का प्रवाह सुचारू रूप से बना रहता है, और ब्लड क्लॉट होने का खतरा कम हो जाता है। अंगूर के सेवन से शरीर में से बैड कोलेस्ट्रॉल भी समाप्त हो जाता है, जिससे हृदय स्वास्थ्य बेहतर बनता है।

12. दमा की समस्या में राहत दिलाता है अंगूर

दमा की समस्या का मुख्य कारण वायु मार्ग में सूजन का उत्पन्न होना होता है, ऐसे में मौसम के बदलते ही अथवा धूल-मिट्टी एवं प्रदूषण भरे वातावरण में दमा के मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शोधों की मानी जाए तो दमा के मरीजों को अंगूर खाने से काफी फायदा होता है क्योंकि अंगूर के बीज में प्रोएंथोसायडीन नामक तत्व पाया जाता है जो कि वायु मार्ग की सूजन को कम कर दमा में आराम पहुंचा सकता है।

 

उपरोक्त फायदों के अलावा अंगूर का सेवन बालों को मजबूत बनाने, स्तन कैंसर के खतरे को कम करने, शरीर में से विषाक्त पदार्थों को दूर करने आदि में भी कारगर होता है।

 

अंगूर के नुकसान

यूँ यो तो अंगूर के फायदे ढेर सारे हैं पर इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अंगूर का अधिक अथवा अनियंत्रित सेवन करना निम्न समस्याओं का कारण भी बन सकता है-:

  • वजन का बढ़ना
  • दस्त होना
  • लीवर व किडनी का का ठीक से कम नहीं करना
  • गैस होना
  • अपेंडिक्स में सूजन आना
  • एलर्जी

स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहतर है कि अंगूर का सेवन नियमित रूप से परंतु सीमित मात्रा में ही किया जाए तभी हम इस के सर्वश्रेष्ठ लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

खट्टा-मीठा और रसीला अंगूर का फल सभी को प्रिय होता है। इस आर्टिकल में हमने आपसे अंगूर खाने के फायदे साझा किये। कैसा लगा आपको हमारा यह आर्टिकल, हमें बताइए, साथी ही इसे शेयर कीजिए अपने दोस्तों व परिवारजनों के साथ। ऐसी ही अनमोल जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।

 

Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।

Marketing Team

COMMENTS (1)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *