गर्मियों का मौसम आने पर तापमान में तेज़ी से बदलाव आता है। ऐसे में हमें अनेकों मौसमी बीमारियों से पीड़ित होने और डिहाइड्रेशन का खतरा उत्पन्न हो जाता है। इन दौरान हमें Immunity Booster Drinks की आवश्यकता होती है, और नींबू पानी पीने के फायदे देखते हुए नियमित रूप से नींबू पानी का सेवन लाभकारी हो सकता है।
नींबू पानी हमारे शरीर को शीतलता प्रदान करने के साथ-साथ हमारे शरीर में विभिन्न तरह के खनिजों, विटामिन्स व औषधीय गुणों की भी आपूर्ति करता है, जो कि हमें कई तरह की बीमारियों से बचाने में कारगर होते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको बताने जा रहे हैं नींबू के गुण और नींबू पानी पीने के फायदे (benefits of lemon water)। आइये जानते हैं विस्तार से।
Table of Contents
आयुर्वेद के हिसाब से नींबू हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होता है। नींबू में विभिन्न तरह के खनिज पदार्थ जैसे मैग्नीशियम, कैल्शियम, आयरन, व पोटैशियम, और विभिन्न तरह के विटामिन तत्व, जैसे विटामिन ए, सी व विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स इत्यादि पाए जाते हैं। इसके अतिरिक्त नींबू में प्रोटीन, पेक्टिन फ़ाइबर, कार्बोहाइड्रेट व विभिन्न तरह के एंटीऑक्सीडेंट्स भी प्रचुर मात्रा में मिल जाते हैं। जब हम नींबू पानी के रूप में नींबू का सेवन करते हैं, तो इन सभी तत्वों की आपूर्ति हमारे शरीर में होती है, और हमें कई सारे स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होते हैं। आइए जानते हैं नींबू पानी के नियमित सेवन से होने वाले लाभों के बारे में:
आयुर्वेद में नींबू का रस पाचन तंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। वैज्ञानिक तथ्यों के अनुसार हमारे पेट के पाचन रसों और नींबू के रस में कई तरह की समानताएं होती हैं। नींबू पानी का नियमित सेवन हमारे शरीर में पाचन रसों का प्रवाह बढ़ाकर, पाचन तंत्र को दुरुस्त करने का कार्य करता है। इससे लीवर भी आसानी से काम कर पाता है।
नींबू का रस शरीर में से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में भी सहायक माना जाता है। यह पेट संबंधी अनेकों बीमारियों जैसे कब्ज़, दस्त, गैस आदि को समाप्त कर सकता है। किसी भी कारण से अपच होने पर एक ग्लास गर्म पानी में नींबू का रस डालकर नियमित रूप से पीएं।
गर्म पानी में नींबू के फायदे कई सारे होते हैं। वज़न घटाने के लिए नींबू और शहद का सेवन एक प्रसिद्ध आयुर्वेदिक नुस्खा है। किसी भी कारण से वज़न बढ़ जाने पर एक ग्लास गर्म पानी में नींबू का रस और शहद मिलाकर रोज़ सुबह खाली पेट पीयें। इससे कुछ ही दिनों में आपका वज़न कम होने लगेगा और फिटनेस बेहतर होगी। दरअसल नींबू में पाए जाने वाले पेक्टिन नामक फ़ाइबर की हमारे शरीर में आपूर्ति होने से लंबे समय तक भूख नही लगती। इसके अलावा गर्म पानी, शहद व नींबू का रस शरीर की अतिरिक्त चर्बी को तोड़ने का काम भी भली-भाँति करते हैं।
ये भी पढ़ें: वजन घटाने के इन तरीकों को गलती से भी ना अपनाएं
आपने अक्सर देखा होगा कि बहुत से कॉस्टमेटिक ब्रांड्स अपने ब्यूटी प्रॉडक्ट्स में नींबू के तत्वों का इस्तेमाल अथवा इसके शामिल होने का दावा करते हैं। इसका कारण नींबू में प्रामाणिक रूप से त्वचा को सुंदर बनाने वाले गुणों का होना है। दरअसल नींबू में विटामिन सी व अन्य लाभकारी एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं।
जो त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से सुरक्षा प्रदान करते हैं, और साथ ही हमें झुर्रियों से भी बचाये रखते हैं। नींबू पानी का सेवन शरीर में से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर खून स्वच्छ करने का कार्य भी करता है, जिससे त्वचा संबंधी रोग समाप्त हो जाते हैं। नींबू पानी के नियमित सेवन से नई रक्त कोशिकाओं का विकास होता है, और त्वचा में नमी बनी रहती है। इससे त्वचा पहले से अधिक चमकदार और कोमल बनती है।
नींबू पोषक तत्वों के साथ-साथ विभिन्न तरह के औषधीय गुणों से भी भरपूर होता है। नींबू पानी के नियमित सेवन से इन औषधीय गुणों की हमारे शरीर में आपूर्ति होती है, और हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने लगती है। इसमें मौजूद विटामिन सी हमारी विभिन्न मौसमी बीमारियों व सर्दी-खांसी से बचने में सहायता करता है। नींबू का सेवन शरीर में आयरन की मात्रा को बढ़ाकर हमें बीमरियों से लड़ने के लिए तैयार भी करता है। नींबू में पाया जाने वाला सैपोनिन नामक तत्व शरीर में एंटीबैक्टीरियल गुणों को बढ़ाकर हमें विभिन्न तरह के संक्रमणों से बचाता है।
ये भी पढ़ें: क्यों आयुर्वेद में माना गया गिलोय को वरदान, जानिए गिलोय के फायदे
गर्भावस्था में महिलाओं को जी मचलाना, मितली आना व अपच जैसी समस्याऐं आमतौर पर होती है। ऐसे में गर्भवती महिला के लिए नींबू पानी का सेवन काफ़ी लाभदायक होता है। ख़ासतौर पर गर्भावस्था की पहली तिमाही में नींबू पानी का सेवन बहुत फ़ायदेमंद माना जाता है।
नींबू पानी का नियमित सेवन गर्भावस्था के दौरान आवश्यक विटामिनों की आपूर्ति भी सहज रूप से कर देता है। प्रेगनेंसी के दौरान कई महिलाओं को अपच व क़ब्ज़ कैसी परेशानी भी होती है, और नींबू पानी शरीर में पाचन रसों का प्रवाह बढ़ाकर इन समस्याओं से भी राहत दिलाता है।
ये भी पढ़ें: पैंतीस की उम्र के बाद गर्भावस्था में क्या सावधानियाँ बरतें
किडनी हमारे पाचन तंत्र के मुख्य हिस्सों में से एक है, और कई लोगों को अलग-अलग कारणों की वजह से किडनी स्टोन यानि पथरी की समस्या का सामना करना पड़ता है। पथरी से बचाव के लिए नींबू पानी का सेवन काफ़ी फ़ायदेमंद माना जाता है।
क्योंकि नींबू के रस में साईट्रिक एसिड प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है, जो कि शरीर में पथरी बनाने वाले विषाक्त पदार्थों और कोशिकाओं को पनपने ही नही देता। पथरी से बचाव के लिए रोज़ सुबह गुनगुने पानी में नींबू का रस मिलाकर पीना लाभकारी माना जाता है।
नींबू पानी के लाभ हमारे शरीर के अन्य अंगों को से साथ-साथ हृदय को भी होते हैं। नींबू पानी में पोटैशियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो कि हमारे दिल की धड़कन को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है।
नींबू पानी के नियमित सेवन से तनाव भी कम होता है जिससे रक्तचाप नियंत्रित स्तर पर रहता है और हृदयघात का ख़तरा कम हो जाता है। मन को शांत रखने, बेहतर नींद लेने और रक्तचाप नियंत्रित रखने के लिए नियमित रूप से नींबू पानी पीएं। इससे हृदय भी बेहतर तरीके से कम काम करेगा।
नींबू में विभिन्न तरह के खनिज व विटामिन पाए जाते हैं। ऐसे में अगर आप जल्दी थक जाते हैं, या अपनी पूर्ण क्षमता के साथ कोई कार्य नहीं कर पा रहे, तो नियमित रूप से नींबू पानी का सेवन करें। नींबू पानी का सेवन शरीर में ऊर्जा बनाए रखने और मन को तरोताज़ा रखने में कारगर होता है। गर्मियों में नींबू पानी का सेवन हमें हाईड्रेटेड रखने और शीतलता प्रदान करने का कार्य करता है।
उपरोक्त फ़ायदों के अतिरिक्त नींबू पानी का सेवन गले का संक्रमण दूर करने, मुँह की बदबू से छुटकारा दिलवाने, व अन्य मौसमी बीमारियों में भी लाभदायक माना जाता है। नींबू पानी बनाने की विधि आप यहाँ से देख सकते हैं।
यूँ तो नींबू पानी के फायदे अनंत हैं, पर इस बात का ध्यान रखें कि इसका अत्यधिक सेवन पेट दर्द, गैस, व एलर्जी का कारण भी बन सकता है। नींबू में विशेष अम्ल मौजूद होते हैं, अतः नींबू पानी का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
अनेकों पौष्टिक व औषधीय गुणों के चलते नींबू पानी का सेवन कभी भी करना लाभकारी होता है। फिर भी अगर आप सोच रहे हैं कि नींबू पानी कब पीना चाहिए, तो आपको बता दें कि ख़ाली पेट सुबह नींबू पानी पीने के फायदे (lemon water benefits in morning) सर्वाधिक होते हैं। इससे पाचन तंत्र बेहतर होता है, तथा शरीर में दिनभर ताज़गी बनी रहती है।
नींबू के फायदे देखते हुए इसे प्रकृति का वरदान कहा जा सकता है। इस आर्टिकल में हमने आपसे नींबू पानी पीने (benefits of lemon water) के फायदे साझा किए। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइए, और साथ ही इसे शेयर कीजिए अपने दोस्तों और परिवार जनों के साथ। ऐसी ही अनमोल जानकारी, और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।
Image Source: Google Images (https://www.google.com/imghp?
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।
हिमांशु एक लेखक हैं और उन्हें खान-पान, आयुर्वेद, अध्यात्म एवं राजनीति से सम्बंधित विषयों पर लिखने का अनुभव है। इसके अलावा हिमांशु को घूमना, कविताएँ लिखना-पढ़ना और क्रिकेट देखना व खेलना पसंद है।
COMMENTS (0)