Home / Nutrition in Hindi (पोषण) / Pomegranate Benefits in Hindi: एक अनार सौ बीमार, 6 अनसुने अनार खाने के फायदे!
अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए हम नियमित रूप से विभिन्न तरह के फल व सब्ज़ियों का सेवन करते हैं और इन फल व सब्ज़ियों में एक विशिष्ट स्थान है अनार का। स्वाद में मीठे और रसीले अनार खाने के फायदे (pomegranate benefits in hindi) इतने सारे हैं कि बीमार होने पर अधिकतर चिकित्सक नियमित रूप से अनार के सेवन की सलाह देते हैं।
अनार का सेवन अलग-अलग तरह से करने पर इसके पौष्टिक और औषधीय गुणों का लाभ अलग-अलग तरह से हमारे शरीर को होता है, जैसे कि खाली पेट अनार खाने के फायदे अलग होते हैं और अनार के जूस के फ़ायदे अलग होते हैं। अनार औषधि के रूप में तो इतना महत्वपूर्ण है कि सिर्फ़ फल ही नही, बल्कि अनार के छिलके के फ़ायदे भी अनंत हैं। अगर आप भी उत्सुक हैं ये जानने के लिए कि अनार में कौन से विटामिन होते हैं जो बनाते हैं इसे हमारे स्वास्थ्य के लिए इतना ख़ास, तो बने रहिए हमारे साथ। हमारे इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं अनार खाने के फायदे (pomegranate benefits in hindi)
Table of Contents
ऊपर से सख़्त छिलके, और भीतर से नरम व रसीले दानों वाले अनार के ढेरों फायदे हैं। अगर “एक अनार सौ बीमार” वाली कहावत को सही माना जाए तो एक अनार में इतने गुण होते हैं कि यह सौ बीमार व्यक्तियों को ठीक कर सकता है। अनार को इतना गुणवान बनाते हैं इसमें पाए जाने वाले विभिन्न खनिज तत्व जैसे आयरन, पोटैशियम, व जिंक।
विटामिनों की अगर बात की जाए तो अनार में विटामिन K, C व B पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं, तथा इसमें फाइबर की प्रचुरता, व उपयोगी फैटी एसिड्स की उपलब्धता इसे हमारे स्वास्थ्य के लिए और अधिक महत्वपूर्ण बना देती है। अनार का सेवन गर्मियों में, प्रातः काल में करना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। आइए जानते हैं अनार खाने के फायदों के बारे में:-
और पढ़ें: Vitamin C: जानिए विटामिन सी के फायदे व नुकसान और इसके स्रोत!
अनार के सेवन का सबसे अधिक फायदा हमारे शरीर में रक्त संचरण प्रक्रिया को होता है। अनार के नियमित सेवन से हमारे शरीर में आयरन की आपूर्ति बढ़ जाती है तथा नयी लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे शरीर में स्वच्छ ख़ून की मात्रा व रक्त प्रवाह बढ़ता है।
इस तरह ताजे अनार का नियमित सेवन एनिमिया के मरीजों के लिए वरदान साबित होता है। अनार का सेवन करने से हमारे शरीर में हीमोग्लोबिन भी बढ़ने लगता है जिससे चेहरे पर चमक आती है तथा हमारा स्वास्थ्य बेहतर होता है।
अनार के नियमित सेवन से हमारा रक्त प्रवाह तो बेहतर होता ही है, साथ ही रक्त स्वच्छ भी होता है। इस फल में मौजूद पोषक तत्व हमारी धमनियों को सफाई का कार्य करते हैं जिससे हमारे शरीर में रक्त सभी अंगों तक आसानी से पहुँच जाता है और हृदय को क्षमता से अधिक कार्य नही करना पड़ता।
अनार खाने से हमारे शरीर का कोलेस्ट्रोल भी नियंत्रित रहता है, जिससे हृदय बेहतर तरीके से काम कर पाता है। अगर हृदय सम्बंधी रोगों से जूझ रहे हैं तो अनार के पत्तों के रस अथवा अनार के शरबत का सेवन नियमित रूप से करने से लाभ होगा।
पोषण विशेषज्ञ व चिकित्सक, गर्भवती महिलाओं को अपने आहार में अनार नियमित रूप से शामिल करने की सलाह देते हैं। अनार में मौजूद विभिन्न पोषक व औषधीय तत्व, माता व शिशु को मज़बूत रखते हैं तथा इस नाज़ुक समय में उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं।
अनार में पोटैशियम की अधिकता होती है जो कि प्रसव के दौरान होने वाले दर्द को कम करने में सहायक होती है। गर्भवती महिलाओं के लिए अनार को फल के रूप में ग्रहण करने की जगह, जूस के रूप में इसका सेवन सर्वश्रेष्ठ रहता है।
गर्भावस्था के दौरान अनार के ताज़े पत्तों के रस के सेवन से गर्भपात का खतरा कम हो जाता है। यदि गर्भधारण में समस्या हो रही हो तो अनार की ताजी कलियों का पानी में मिलाकर सेवन करने से गर्भधारण क्षमता भी बढ़ती है।
अनार में मौजूद तरह-तरह के विटामिन, खनिज व अम्ल हमारी त्वचा के लिए भी बहुत लाभकारी सिद्ध होते हैं। अनार के सेवन से हमारे शरीर में रक्त की मात्रा बढ़ती है जिससे चेहरा चमकने लगता है, और रक्त की स्वच्छता होने से अधिकतर चर्म रोग जैसे कील-मुहाँसे व खुजली इत्यादि स्वतः ही समाप्त हो जाते हैं। अनार खाने से हमारे बाल भी इसमें मौजूद विटामिन व अन्य मिनरल्स से लाभान्वित होते हैं, तथा लंबे व चमकदार बनते हैं।
औषधीय रूप से अनार के छिलकों व पत्तों का इस्तेमाल भी त्वचा के रोग समाप्त करने के लिए किया जा सकता है। चेहरे पर झाइयाँ अथवा झुर्रियाँ होने पर अनार के छिलकों को पानी में उबालें तथा उस पानी में सरसों का तेल डालकर गर्म करें। इस मिश्रण की त्वचा पर नियमित रूप से मालिश करने से झुर्रियाँ व झाइयाँ जैसी समस्याएँ दूर हो जाएँगी तथा त्वचा में निखार आएगा।
और पढ़ें: चमकती त्वचा के राज आपकी रसोई से
एक स्वस्थ शरीर के लिए पाचन तंत्र का सुचारू रूप से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। अनार में भरपूर मात्रा में फ़ाइबर मौजूद होता है और अनार के नियमित सेवन द्वारा शरीर में फ़ाइबर की आपूर्ति होने से पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम कर पाता है।
यदि अनार के दानों का सेवन काले नमक के साथ रोज़ाना किया जाए तो भूख बढ़ती है व भोजन आसानी से पच जाता है। अगर आपको अपच की समस्या रहती है तो अनार के रस का सेवन जीरे व गुड़ के साथ करें। इससे अपच में लाभ होगा तथा पाचन तंत्र के विकार दूर हो जाएँगे।
अनार को पोषण की दृष्टि से फलों में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है और इसका नियमित सेवन हमें शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। विशेषज्ञों के अनुसार अनार के जूस के नियमित सेवन से पुरुषों में टेस्टास्टेरॉन की मात्रा बढ़ती है जिससे उनका पौरुषत्व व शारीरिक शक्ति बढ़ती है।
अनार महिलाओं के लिए भी महत्वपूर्ण है और अनार के जूस का नियमित सेवन महिलाओं में एनिमिया के ख़तरे को भी कम कर देता है। अनार में हमारी हड्डियों को मजबूत बनाने वाले तत्व भी प्रचुर मात्रा में होते हैं।
अनार का सेवन हमें मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। अगर आपको लगातार तनाव रहता है, तो प्रतिदिन अनार के दानों का सेवन करें, इससे लाभ होता है। अनिंद्रा की समस्या होने पर अनार के पत्तों को पानी में उबालकर, सोने के समय पर, उस पानी का दूध के साथ सेवन करने से लाभ होगा।
नोट:- अनार को इसके विशिष्ट पौष्टिक व औषधीय गुणों के लिए आयुर्वेद में व दादी-नानी के नुस्ख़ों में विशिष्ट स्थान प्राप्त है। उपरोक्त पोषणीय व औषधीय लाभों के अतिरिक्त अनार के फल, फूल, छिलकों व पत्तियों का उपयोग पीलिया, दस्त, गंजेपन, आँखों के रोग, दाँतों के रोग, व अन्य गम्भीर रोगों में किया जा सकता है।
अनार का रस तैयार करने की आसान विधि आप यहाँ से देख सकते हैं। अनार का सेवन नियमित रूप से करने के लाभ ढेर सारे हैं, पर ऐसे लोग जिन्हें अधिक ठंड लगती है, उन्हें अनार का सेवन अधिक नहीं करना चाहिए क्योंकि अनार की तासीर भी ठंडी ही होती है।
अनार के नियमित सेवन से इसमें पाए जाने वाले पोषणीय व औषधीय गुणों से हम लाभान्वित हो सकते हैं तथा अपना स्वास्थ्यवर्धन एवं सौन्दर्यवर्धन कर सकते हैं। इस लेख में हमनें अनार में कौनसे विटामिन पाए जाते हैं बताते हुए, अनार खाने के फायदे (pomegranate benefits in hindi), अनार के जूस के फायदे, अनार के छिलके के फायदे, तथा त्वचा के लिए अनार के फायदे (benefits of eating pomegranate for skin) आपसे साझा किए। कैसा लगा आपको हमारा आर्टिकल, हमें बताइए, साथ ही शेयर कीजिए इसे अपने दोस्तों और परिवार जनों के साथ। ऐसी ही महत्वपूर्ण जानकारी और नई-नई रेसिपीज के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।
Image Source: Wikimedia
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित की गयी किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।
हिमांशु एक लेखक हैं और उन्हें खान-पान, आयुर्वेद, अध्यात्म एवं राजनीति से सम्बंधित विषयों पर लिखने का अनुभव है। इसके अलावा हिमांशु को घूमना, कविताएँ लिखना-पढ़ना और क्रिकेट देखना व खेलना पसंद है।
COMMENTS (1)