Home / घरेलू उपचार (Home Remedies) / 10 अनसुने इलायची के फायदे, जानिए एक छोटी सी इलायची है कई समस्याओं का समाधान!
Benefits of Cardamom – इलायची का उपयोग भारतीय भोजन में सुगंध और स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। पर क्या आप जानते हैं कि इलायची का सेवन खाने में सुगंध और स्वाद बढ़ाने के अलावा हमारे स्वास्थ्य के लिये भी काफ़ी लाभदायक होता है? इस आर्टिकल में हम विस्तार से जानेंगे इलायची के फायदे (benefits of cardamom)।
इलायची भारत में सब जगह आसानी से उपलब्ध हो जाती है। दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक व तमिलनाडु में इलायची की खेती प्रमुखता से की जाती है। छोटी या हरी इलायची तथा बड़ी इलायची भारत में उत्पादित इलायची के प्रमुख प्रकार (types of cardamom) हैं। एक ओर जहां बड़ी इलायची का प्रयोग मसाले के रूप में किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ़ हरी इलायची मुख्य रूप से मिठाइयों में प्रयोग में लायी जाती है। हालांकि इलायची के गुण दोनों ही क़िस्मों में समान रहते हैं।
इलायची का उपयोग सब्जियों के साथ-साथ मिठाइयाँ तैयार करने में किया जाता है। सुपारी की तरह-तरह चबाकर खाना इलायची खाने का तरीका (how to take cardamom) प्रचलित है जिसके अनंत लाभ होते हैं। यदि इलायची का सेवन सुबह की चाय में किया जाए तो दिनभर ताज़गी बनी रहती है।
और पढ़ें-: वजन कम करनें के लिए विभिन्न प्रकार की चाय
Table of Contents

इलायची के सेवन से खाने का स्वाद और सुगंध तो बढ़ते ही हैं, साथ-साथ उसके पौष्टिक और औषधीय गुण भी बढ़ जाते हैं। इलायची में विभिन्न प्रकार के खनिज तत्व जैसे पोटैशियम, कैल्शियम, आयरन, मैंगनीज़, सल्फर, मैग्नीशियम इत्यादि भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। इन खनिज तत्वों के अतिरिक्त इलायची के सेवन से हमारे शरीर में विभिन्न विटामिनों जैसे विटामिन सी, नियासिन, राइबोफ्लेविन आदि की भी आपूर्ति होती है।
इलायची में पाए जाने वाले अन्य एंटीऑक्सीडेंट तत्व व एंटीसेप्टिक गुण इसे हमारे स्वास्थ्य के लिए और भी महत्वपूर्ण बना देते हैं। हमारे शरीर के लिए बड़ी इलायची के फायदे एवं छोटी इलायची के फायदे एक जैसे ही होते हैं। आइये जानते हैं इलायची के सेवन से होने वाले कुछ प्रमुख स्वास्थ्य लाभ:-
इलायची का सेवन खाने को स्वादिष्ट बनाने के अलावा उसे आसानी से पचाने योग्य भी बनाता है। उदाहरण के लिए इलायची में गैस का नाश करने वाले गुण पाए जाते हैं। यदि खाने में हम इलायची का प्रयोग करते हैं तो उसके सेवन से गैस नहीं बनती। इलायची का नियमित सेवन हमारे शरीर में पाचन रसों के प्रवाह को बढ़ाकर हमारी पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है, जिससे पेट फूलना, पेट में दर्द होना व पाचन संबंधी अन्य समस्याएं समाप्त हो जाती हैं। अपनी पाचन क्रिया बेहतर बनाने के लिए भोजन के साथ या चाय में इलायची का सेवन अवश्य करें।
और पढ़ें-: जानिए क्या खाने से हमेशा के लिए सुधर जाएगा आपका पाचन तंत्र?
मुंह की दुर्गन्ध दूर करने की क्षमता हरी इलायची के फायदे (benefits of cardamom) में से एक है। विभिन्न प्रकार के मीठे पान तथा माउथ फ्रेशनर में हरी इलायची का प्रयोग किया जाता है। इसका कारण इलायची में मौजूद उन एंटी-बैक्टीरियल गुणों का होना है जो मुंह की दुर्गंध से लड़ने में कारगर सिद्ध होते हैं। इलायची के बीज नियमित रूप से चबाने से मुंह की दुर्गन्ध व मुंह संबंधी अन्य संक्रमणों का भी समाधान होता है।
और पढ़ें-: पसीने की दुर्गन्ध से छुटकारा पाने के घरेलु नुस्खे!
इलायची का सेवन हमारे शरीर के विषाक्त पदार्थों को कम करने में भी सहायक माना जाता है। इसका कारण इलायची में विभिन्न एंटीऑक्सीडेंट तत्वों के साथ-साथ इसमें प्रचुर मात्रा में मैंगनीज़ का पाया जाना है। मैंगनीज़ की आपूर्ति होने से हमारे शरीर में विभिन्न एन्ज़ाइम बनते हैं और फ्री-रेडिकल्स को खत्म करते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इलायची का सेवन किडनी के लिए बहुत लाभदायक होता है। इलायची का नियमित सेवन गुर्दों में जमा यूरिया, कैल्शियम इत्यादि को साफ कर गुर्दों को सुचारू रूप से चलाने में मदद करता है और इलायची मूत्रवर्धक भी मानी जाती है। इलायची पाउडर अथवा इलायची के बीज का सेवन मूत्र संबंधी संक्रमणों के उपचार में प्रभावकारी सिद्ध होता है।
और पढ़ें-: 7 खाद्य पदार्थ जो आपकी किडनी को साफ़ करने में मददगार हैं
इलायची में मौजूद विभिन्न पोषक तत्वों का फायदा हमारे शरीर के अन्य अंगों के साथ-साथ ह्रदय को भी होता है। इलायची में पोटैशियम प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है और शरीर में रक्त की मात्रा व उचित दाब बनाये रखने के लिए पोटैशियम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इलायची का सेवन रक्तचाप का स्तर भी सामान्य बनाये रखता है तथा प्लेटलेट्स के एक जगह संग्रहित होने को रोकता है जिससे ब्लड क्लोटिंग एवं ह्रदयाघात का खतरा कम हो जाता है।
अन्य पोषक तत्वों के साथ-साथ इलायची का सेवन हमारे शरीर में आयरन की आपूर्ति भी करता है। आयरन की आपूर्ति शरीर में रक्त की मात्रा को बढ़ाती है तथा एनीमिया की समस्या का समाधान करती है। आयरन के अलावा इलायची में मौजूद विभिन्न पोषक तत्व व विटामिन शरीर में ताकत बढ़ाकर एनीमिया के लक्षणों से बचाव करते हैं।
इलायची में मौजूद पौष्टिक गुण हमारे शरीर को तंदुरुस्त तो बनाते ही हैं, साथ ही इसमें मौजूद औषधीय गुण हमें कई तरह की बीमारियों से भी बचा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इलायची के औषधीय गुण कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के विरुद्ध भी कारगर होते हैं।
दरअसल इलायची में आई सी.3, डीआईएम, व अन्य फाइटोकेमिकल्स मौजूद होते हैं जो हमारी कैंसर से बचे रहने में सहायता करते हैं। इलायची में पाया जाने वाले कोलोन नामक एंटीऑक्सीडेंट भी कैंसर के खिलाफ कारगर होता है।
और पढ़ें-: मुँह में होने वाले कैंसर के कारण और लक्षण
शोध के अनुसार इलायची खाने के फायदे हमारी त्वचा को भी होते हैं। इलायची में विभिन्न जीवाणुओं द्वारा होने वाले त्वचा संक्रमणों से लड़ने की क्षमता होती है। यही कारण है कि आयुर्वेद में इलायची का उपयोग कुष्ठ रोग के उपचार हेतु बनाई जाने वाली औषधि में भी किया जाता है। इलायची से हमारे शरीर में विभिन्न पोषक तत्वों की भी आपूर्ति होती है जिससे त्वचा अधिक चमकदार व तेजस्वी बनती है।
अगर आपको अधिक हिचकी आती है या फिर किसी से बात करते समय अचानक से हिचकी आने लगे तो इलायची चबाना आपके लिए लाभदायक हो सकता है। अगली बार हिचकी आने पर एक इलायची धीरे-धीरे चबाएं इससे हिचकी जल्दी बंद हो जाएगी तथा आप मानसिक रूप से भी बेहतर महसूस करेंगे।
सर्दी-ज़ुकाम होने अथवा गले की ख़राश होने पर इलायची के सेवन से लाभ होता है। कमज़ोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग मौसम बदलने पर अक्सर खांसी-ज़ुकाम से पीड़ित हो जाते हैं, ऐसे में इलायची वाली चाय पीने से लाभ होता है। गले में ख़राश होने पर इलायची पाउडर में शहद मिलाकर सोने से पहले खाएं। ये खुराक दो से तीन दिन लेने से गले की ख़राश जल्दी ठीक हो जाएगी।
और पढ़ें-: Fever Diet: बदलते मौसम में आपको बुखार से बचाने वाला डाइट चार्ट
उपरोक्त लाभों के अतिरिक्त इलायची के फायदे (benefits of cardamom) अस्थमा से राहत दिलाने, भूख बढ़ाने, नपुंसकता दूर करने व मानसिक तनाव कम करने में भी होते हैं। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि इलायची का सेवन सीमित मात्रा में ही करें। इलायची का सेवन सामान्य से अधिक मात्रा में करने पर एलर्जी एवं पित्ताशय की पथरी का दर्द बढ़ना जैसी समस्याएं हो सकती है। यदि आप स्तनपान कराती हैं, तो भी इलायची के सेवन से बचना चाहिए।
इलायची का भारतीय संस्कृति में बहुत महत्व है। इलायची का उपयोग विभिन्न व्यंजनों के अलावा मांगलिक कार्यों में भी किया जाता है। इस आर्टिकल में हमने आपसे इलायची के फायदे (Benefits of Cardamom in Hindi) साझा किए। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइए, साथ ही इसे साझा कीजिए अपने दोस्तों और परिवार जनों के साथ। ऐसी ही अनमोल जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।
Image Source: Google Images (https://www.google.com/imghp?
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित की गयी किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।
COMMENTS (1)