Home / Top Cooking Recipes in Hindi / Sawan Somwar Vrat Recipes: 12 ऐसी रेसिपीज जिन्हें सावन में बिना प्याज और लहसुन के बनाया जा सकता है।
सावन का महीना अर्थात श्रावण मास हिंदुओं के लिए धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस माह में हिंदू विशेष रूप से भगवान शिव की आराधना करते हैं और सावन के प्रत्येक सोमवार को उपवास रखते हैं। इस दौरान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना भी की जाती है। चूँकि सावन का महीना धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, अतः इस दौरान खानपान का विशेष ध्यान रखा जाता है।
कोशिश की जाती है कि इस महीने में शुद्ध और ताजा भोजन ही लिया जाए और कई हिंदू तो इस माह में लहसुन और प्याज के सेवन से भी परहेज करते हैं। जो लोग सावन के सोमवार का उपवास करते हैं उनके लिए व्रत के दौरान फलाहार का सेवन उचित माना जाता है। सावन माह की आहार संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस आर्टिकल Sawan Somwar Vrat Recipes में हम आपके लिए लेकर आए हैं सावन सोमवार के व्रत और इस पूरे महीने खाई जा सकने वाली विशेष फलाहारी और बिना लहसुन-प्याज की स्वादिष्ट रेसिपीज की जानकारी। आइए जानते हैं विस्तार से।
Table of Contents
हिंदू कैलेंडर के अनुसार आषाढ़ महीने के बाद आने वाले सावन मास का महत्व धार्मिक रूप से बहुत अधिक होता है। शिव पुराण के अनुसार सावन के महीने में सोमवार को उपवास करने और भगवान शिव की आराधना करने से मनोकामना पूरी होती है, और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है। ख़ासतौर पर विवाह संबंधी अड़चनों को दूर करने में सावन सोमवार व्रत का अत्यंत महत्व माना जाता है।
शास्त्रों के अनुसार सावन के महीने में मार्कण्डेय ऋषि ने भगवान शिव की तपस्या की थी और इससे उन्होंने इतना बल प्राप्त कर लिया कि उनके आगे यमराज को भी नतमस्तक होना पड़ा था। इसके अलावा एक मान्यता यह भी है कि भगवान शिव सावन के महीने में पृथ्वी पर स्थित अपनी ससुराल आते हैं और इस वजह से सावन का महीना उनकी कृपा पाने का अच्छा शुभ अवसर है।
एक कथा यह भी है कि सावन के महीने में ही समुद्र मंथन किया गया था और पृथ्वी की रक्षा करने के लिए भगवान ने इस माह में ही विश्व अपने गले में धारण किया था। साधु संत मानते हैं कि सावन के महीने में भगवान विष्णु योग निंद्रा में चले जाते हैं और इस दौरान सृष्टि का संचालन मुख्य रूप से भगवान शिव के हाथों में आ जाता है, अतः इस माह में भगवान शिव की आराधना करने से असीम कृपा की प्राप्ति होती है।
उपरोक्त कथाओं से स्पष्ट हो जाता है कि भगवान शिव के भक्तों के लिए सावन का महीना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और अगर सावन के प्रत्येक सोमवार को व्रत रखा जाए तो भगवान शिव की असीम कृपा की प्राप्ति हो सकती है। हालांकि धर्म के अनुसार इस माह में खानपान संबंधी कुछ विशेष सावधानियां बरतनी पड़ती है और व्रत के दौरान सात्विक व फलाहारी भोजन करना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। तो आइए जान लेते हैं सावन माह के अनुकूल कुछ स्वादिष्ट रेसिपीज़ के बारे में।
सावन माह के दौरान सात्विक भोजन करना उचित माना जाता है। धर्म के अनुसार सावन माह में मांसाहार का सेवन नहीं करना चाहिए, मदिरा को त्याग देना चाहिए और खाने में लहसुन-प्याज से परहेज करना चाहिए। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए हम आपके लिए लेकर आए हैं बिना लहसुन-प्याज की स्वादिष्ट शाकाहारी सावन रेसिपीज़। आइए जानते हैं विस्तार से:-
अनारी पनीर करी रेसिपी सावन में बनाने के लिए एकदम उपयुक्त है क्योंकि इसे बनाने में लहसुन प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता और यह खाने में काफी टेस्टी लगती हैं। क्योंकि इस सब्जी को बनाने में अनार, पनीर, काजू एवं विभिन्न मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए यह सब्जी काफी हेल्दी भी होती है। दो तरह की ग्रेवी से तैयार होने वाली यह सब्जी आपको साधारण पनीर का स्वाद भुला देगी और सावन के लिए यह परफेक्ट रेसिपी है।
पंच फोरन दाल कोफ्ता रेसिपी भले ही बनती बिना लहसुन और प्याज के है, पर इसका स्वाद किसी भी आम दाल से कई गुना अधिक बेहतर होता है। इस रेसिपी को तैयार करने के लिए आपको पहले कोफ्ते बनाने होते हैं और इसके बाद दाल तैयार करनी होती है। इस तरह बेसन और अरहर एवं मसूर की दाल इस रेसिपी के मुख्य इंग्रेडिएंट्स होते हैं। इसके अलावा इस दाल को चटपटा बनाने के लिए विभिन्न मसालों का इस्तेमाल होता है। पंच फोरन दाल कोफ्ता की पूरी रेसिपी आप यहां से देख सकते हैं।
पनीर की बहुत सारी रेसिपीज हमें देखने को मिलती है पर पनीर डुम्पलिंग इन स्पिनच ग्रेवी जैसी अनोखी रेसिपी शायद ही आपको देखने को मिले। इस रेसिपी को तैयार करने के लिए मुख्य रूप से पालक, पनीर, काजू, खसखस, गाजर एवं अन्य सब्जियों और मसालों की आवश्यकता होती है। ये सभी पदार्थ इसे टेस्टी और हेल्दी दोनों बनाते हैं। पनीर डुम्पलिंग इन स्पिनच ग्रेवी की रेसिपी आप यहां से देख सकते हैं।
आमतौर पर बिना लहसुन प्याज के पकौड़ा बनाना बहुत मुश्किल होता है पर रसदार पकोड़ा सावन के महीने में खाने के लिए इसलिए उपयुक्त है क्योंकि इसमें लहसुन-प्याज नहीं डलता। इस पकोड़े को बेसन के साथ अन्य मसाले मिलाकर सामान्य विधि से ही बेसन का घोल बनाकर बनाया जाता है, पर इस पकोड़े में ट्विस्ट तब आता है जब आप फ्राई किए हुए पकड़ो को पानी में उबालकर और भी अच्छे से भीतर तक पकाते हैं। रसदार पकोड़ा बनाने की पूरी रेसिपी आप यहां से देख सकते हैं और सावन के महीने में स्नैक्स के रूप में इसका आनंद उठा सकते हैं।
कर्ड पोहा फटाफट से तैयार होने वाली एक साउथ इंडियन डिश है, जिसे बिना लहसुन-प्याज के बनाया जाता है। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है इस रेसिपी को तैयार करने के लिए मुख्य रूप से दही और पोहे की आवश्यकता होती है पर, इसके अलावा चना दाल और मूंगफली मिलाकर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। इस रेसिपी को अच्छे से तैयार करने के लिए इसमें आपको दूध और अन्य मसाले भी फ्लेवर के लिए मिलाने होते हैं। कर्ड पोहा सावन के महीने के लिए एक अच्छा नाश्ता है जिसे बनाने की पूरी रेसिपी आप यहां से देख सकते हैं।
बिना लहसुन-प्याज के करेले की सब्जी कैसे तैयार हो सकती है, पर अगर आप रजवाड़ी स्टाइल में काजू करेला बनाते हैं तो करेले का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है, और यह सावन के महीने में खाने के लिए भी बेहतरीन व्यंजन बन जाता है। इस रेसिपी को तैयार करने में मुख्य रूप से आपको ताजे करेलों के अलावा विभिन्न सूखे मेवे जैसे काजू, किशमिश, नारियल गुड़, शक्कर एवं विभिन्न मसालों की आवश्यकता होती है। काजू करेला रेसिपी बनाने की पूरी विधि आप यहां से देख सकते हैं।
सावन के महीने में आलू की चटपटी स्टिक्स आपके लिए एक बेहतरीन स्नैक का काम कर सकती हैं। इस रेसिपी को तैयार करने के लिए आपको उबले हुए आलू के अलावा मूंग दाल, पावभाजी मसाले, अमचूर पाउडर, काजू, ब्राउन ब्रेड सफेद तिल एवं विभिन्न प्रकार के मसालों की आवश्यकता होती है। अगर चटपटी स्टिक्स को देखकर आपके मुंह में पानी आ रहा है तो इन्हें बनाने की पूरी रेसिपी आप यहां से देख सकते हैं।
8. साबूदाना खिचड़ी:
साबूदाना खिचड़ी व्रत के फलाहार के लिए एक लोकप्रिय व्यंजन है। इसे बनाने के लिए आपको साबूदाने के अलावा विभिन्न मसालों एवं आलू व टमाटर की आवश्यकता होती है। बस साबूदाने को भिगोकर विभिन्न मसालों के साथ कढ़ाही में फ्राई कीजिये और एक टेस्टी डिश का व्रत के दौरान आनंद उठाइये। साबूदाना खिचड़ी की पूरी रेसिपी आप यहाँ से देख सकते हैं।
सामक के चावल की खीर एक बेहतरीन सावन सोमवार व्रत रेसिपी है। व्रत के हिसाब से ये उपयुक्त स्वीट डिश है। सामक के चावल की खीर बनाने के लिए इन चावलों को उबलते दूध में डालकर पकाना होता है और उसके बाद इन्हें चीनी के साथ मिक्स करके खीर का रूप देना होता है। इस खीर को आप ड्राई फ्रूट्स के साथ गार्निश करके सर्व कर सकते हैं।
कुट्टू की पकौड़ी व्रत के दौरान खाया जाने वाला प्रसिद्ध व्यंजन है जिसे खाने और स्नैक दोनों में खाया जा सकता है। इस रेसिपी को तैयार करने के लिए कुट्टू के आटे के घोल में आलू, हरी मिर्च, काली मिर्च व नमक मिलाकर व फिर इसे फ्राई करके आप कुट्टू की पकौड़ी तैयार कर सकते हैं।
फराली डोसा एक साउथ इंडियन डिश है जिसे सामा, राजगिरि आटा, छाछ, काली मिर्च व नमक के मिश्रण से तैयार किया जाता है। इसे आप मूंगफली की चटनी या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं। फराली डोसा बनाने की पूरी विधि यहाँ से देखिए।
राजगिरा परांठे को आते मैं चटपटे मसलों के साथ बनाया जाता है। इसे बनाने में हरी मिर्च, अदरक, उबले आलू और काली मिर्च का प्रयोग मुख्य रूप से किया जाता है। राजगिरा पराँठा सावन के लिए एक बेहतरीन सात्विक और स्वादिष्ट रेसिपी है।
सावन के महीने में निर्धारित सात्विक भोजन जिसमें लहसुन प्याज न हो, करना बेहतर माना जाता है। इस आर्टिकल Sawan Somwar Vrat Recipes में हमने आपसे लहसुन प्याज रहित सात्विक रेसिपीज़ एवं सावन सोमवार के व्रत रेसिपीज़ शेयर की। कैसा लगा आपको ये आर्टिकल, हमें बताइये और इसे शेयर कीजिये अपने दोस्तों व परिवारजनों के साथ। ऐसी ही बेहतरीन रेसिपीज़ और नई-नई जानकारी के लिए जुड़े रहिए BetterButter के साथ।
यह जरूर पढ़िए:
Sawan Mein Namkeen Seviyan: सावन में बिना प्याज-लहसुन के बनाएं नमकीन सेवईं, जानें विधि
Falahari Appe Recipe: सावन के व्रत में खाएं टेस्टी फलाहारी अप्पे, जानें बनाने का तरीका
Sawan Shivratri 2023: जानिए सावन शिवरात्रि का महत्व और सावन शिवरात्रि की रेसिपीज़
Sawan Shivratri 2023: जानिए सावन शिवरात्रि का महत्व और सावन शिवरात्रि की रेसिपीज़
Image Source: Google Images (https://www.google.com/imghp?
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।
हिमांशु एक लेखक हैं और उन्हें खान-पान, आयुर्वेद, अध्यात्म एवं राजनीति से सम्बंधित विषयों पर लिखने का अनुभव है। इसके अलावा हिमांशु को घूमना, कविताएँ लिखना-पढ़ना और क्रिकेट देखना व खेलना पसंद है।
COMMENTS (0)