Home / hindi recipe / 10 Amazing Summer Food Tips in Hindi- गर्मी के खाद्य पदार्थो के टिप्स
बदलते मौसम के साथ-साथ हम मनुष्यों को अपनी जीवनशैली में कुछ बदलाव करने पड़ते हैं। सर्दी की तुलना में गर्मी में हमारी दिनचर्या, कपड़े पहनने का तरीका, व खान-पान इत्यादि अलग तरह के होते हैं। अब एक बार फिर से सर्दियां विदा हो चुकी हैं, और गर्मियां दस्तक दे रही हैं। ऐसे में मौसम की मांग है कि हमारी जीवनशैली में अनुकूल बदलाव किए जाएं। इसलिए हम आपके लिए लेकर आए हैं गर्मियों के स्पेशल खाद्य टिप्स।
जलवायु परिवर्तन व आधुनिकीकरण के कारण आजकल गर्मियां पहले से कहीं अधिक तीखी और गर्म होती हैं, जो कि कई बीमारियों का कारण बन सकती हैं। ऐसे में चिलचिलाती धूप में भी स्वस्थ बने रहने और पूर्ण ऊर्जा के साथ काम करने के लिए आपको मौसम के अनुरूप संतुलित आहार लेना चाहिए। इस आर्टिकल में हम बात करेंगे उन विशेष खाद्य पदार्थों की, जो गर्मी के मौसम के लिहाज़ से हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। आइये जानते हैं विस्तार से।
Table of Contents
बहुत तेज गर्मी होने पर अक्सर हमारा कुछ भी खाने का मन नही करता और दिल करता है कि हम बस ठंडे-ठंडे पेय पदार्थ पीते रहें। इसका एक कारण यह है कि गर्मियों में हमारे शरीर में से नमी और ऊर्जा जल्दी-जल्दी खत्म होते हैं। इससे सिरदर्द, बेहोशी, डिहाइड्रेशन, अत्यधिक पसीना व सनबर्न की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
गर्मियों के मौसम में स्वयं को तंदरूस्त बनाये रखने, शरीर में पानी की उचित मात्रा व त्वचा में नमी बनाये रखने के लिए अपने आहार में रसीले फलों, पौष्टिक भोजन और ढेर सारे द्रव्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। इस आर्टिकल में आगे हम जानेंगे उन खाद्य पदार्थों के विषय में जो हमें गर्मियों में अपने आहार में प्रमुखता से शामिल करने चाहिए।
गर्मियों में सबसे बड़ी परेशानी डिहाइड्रेशन की होती है। डिहाइड्रेशन होने से उल्टी-दस्त, रूखी त्वचा व अन्य बीमारियों का सामना भी करना पड़ सकता है। ऐसे में बेहतर है कि प्यास लगने का इंतज़ार किये बिना गर्मियों के मौसम में प्रतिदिन 3 से 4 लीटर पानी अवश्य पीते रहें।
इसके अलावा समय-समय पर नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी, आम पना, शर्बत व फलों के जूस का भी नियमित सेवन करते रहें। ये सभी पेय पदार्थ आपकी प्यास को तो शांत करेंगे ही, तथा शरीर को आवश्यक पोषण भी प्रदान करेंगे। इसके अलावा गर्मियों में सामान्य चाय की तुलना में आइस्ड टी का सेवन करें। इससे शरीर में शीतलता बनी रहेगी और दिनभर ताज़गी महसूस होगी।
टमाटर को हम सामान्य सब्जी समझते हैं, पर गर्मियों में इसका महत्व काफ़ी बढ़ जाता है। टमाटर शरीर को शीतलता प्रदान करने के साथ-साथ आवश्यक पोषण भी प्रदान करता है।
टमाटर के सेवन से शरीर में लाइकोपीन नामक तत्व की आपूर्ति होती है, जिससे चिलचिलाती धूप में त्वचा का रंग काला नही पड़ता। गर्मियों में टमाटर का सेवन सब्जी के अलावा जूस व ठंडे सलाद के रूप में करना बेहतर रहता है।
तरबूज को गर्मियों का वरदान कहा जा सकता है, क्योंकि यह फल प्रमुखता से गर्मियों में ही मिलता है और इसका सेवन गर्मी से बचाव में बहुत से फायदे पहुंचाता है। तरबूज में लगभग 92% पानी होता है, और इसे खाने से शरीर में आसानी से पानी की आपूर्ति हो जाती है।
तरबूज में पाए जाने वाले विटामिन ए, विटामिन सी व लाइकोपीन नामक अन्य पौष्टिक तत्व, शरीर को पोषण के साथ-साथ सूरज की हानिकारक किरणों से भी सुरक्षा प्रदान करते हैं। तरबूज का सेवन हृदय रोग, कैंसर, उच्च रक्तचाप व गठिया आदि रोगों से बचाव में भी लाभदायक माना जाता है। गर्मियों में हाइड्रेटेड रहने के लिए तरबूज का सेवन प्रमुखता से कर सकते हैं।
खीरे के फायदे देखते हुए विशेषज्ञ गर्मियों में खूब खीरा खाने की सलाह देते हैं। खीरे में प्रचुर मात्रा में पानी और फाइबर मौजूद होता है, जो कि शरीर में शीतलता और ताजगी बनाये रखता है।
खीरे में पाया जाने वाला इरेप्सिन नामक तत्व आंतों को सुचारू रूप से चलाने में मददगार होता है, तथा पाचन तंत्र की समस्याओं से राहत दिलाता है। खीरे का सेवन सलाद व जूस के रूप में करना सर्वश्रेष्ठ रहता है।
आम फलों का राजा है, और बेहतरीन स्वाद के साथ-साथ काफी गुणवान भी है। विटामिन ए, सी व ई से भरपूर आम का फल ऊर्जा प्रदान करता है, तथा शरीर को शीतल बनाये रखता है। पके हुए आम का सेवन फल के रूप में या ठंडे आमरस के रूप में खाने के बाद किया जाना चाहिए।
इसके अलावा उबले हुए कच्चे आम के गूदे को ठंडे पानी में मिलाकर और उसमें नमक, चीनी व पिसा हुआ ज़ीरा मिलाकर स्वादिष्ट आम पना तैयार किया जा सकता है। आम पना शरीर की गर्मी दूर करने, लू से राहत पहुंचाने व डिहाइड्रेशन से बचाने में काफ़ी सहायक होता है।
गर्मियों के मौसम में पाचन तंत्र की समस्याओं से बचने और लू के थपेड़ों के बीच भी ताजगी महसूस करने के लिए दही का सेवन अवश्य करें। भोजन के साथ दही खाने या दही की मीठी अथवा नमकीन लस्सी बनाकर पीने से दही में मिलने वाले बैक्टीरिया पेट को रोगमुक्त बनाने में सहायक होते हैं। दही की शीततला हीट स्ट्रोक से भी बचाती है।
गर्मी के मौसम में भारत के बड़े हिस्से में सत्तू का सेवन किया जाता है। सत्तू को चने अथवा जौं के आटे से तैयार किया जाता है और यह बहुत ही पौष्टिक होता है। सत्तू का सेवन गर्मियों में सुबह नाश्ते के रूप में मीठे या नमकीन शरबत के रूप में किया जा सकता है। सत्तू के सेवन से शरीर में प्रोटीन की आपूर्ति होती है, जिससे दिनभर ऊर्जा व शीततला बनी रहती है।
गर्मियों में रसदार फलों का सेवन फायदेमंद रहता है, और ऐसा ही एक फल है मौसंबी, जो खाने में स्वादिष्ट लगता है, तथा पानी और विभिन्न विटामिनों से भरा रहता है। मौसंबी में फाइबर भी प्रचुर मात्रा में होता है, जो हमारे पाचन तंत्र को सुचारू रूप से चलाए रखने में लाभकारी होता है।
मौसंबी में विभिन्न तरह के एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं जो गर्मी के मौसम में त्वचा को सुरक्षित बनाये रखते हैं। मौसंबी का रस निकालना और उसमें काला नमक व थोड़ी सी चीनी मिलाकर पीना, मौसंबी के सेवन का सर्वश्रेष्ठ तरीका है।
गर्मियों में कई लोगों को पानी की कमी के सामना करना पड़ता है। अगर आप गर्मियों में नियमित रूप से नारियल पानी का सेवन करें, तो शरीर में पानी की कमी होने से बच सकते हैं तथा स्वस्थ बने रह सकते हैं।
नारियल पानी में विभिन्न खनिज व इलेक्ट्रोलाइट मौजूद होते हैं। इस कारण नारियल पानी शरीर को शीतल करने के साथ-साथ तंदरूस्त भी बनाता है। नारियल पानी का नियमित सेवन फेफड़ों, आंखों और रक्त संचरण के लिए भी लाभदायक होता है।
कीवी का सेवन गर्मियों में काफ़ी लाभदायक होता है। कीवी में विटामिन बी-1, विटामिन-सी, के, बी-2 व बी-3 इत्यादि मौजूद होते हैं, जो गर्मियों में होने वाली पोषण की कमी से बचाते हैं।
इन सभी गुणों के चलते कीवी का फल दांत, किडनी और ब्रेन के लिए बहुत अच्छा माना जाता है, तथा हड्डियों को भी मजबूत बनाने का कार्य करता है।
गर्मियों में स्वयं को पानी की कमी से बचाने और स्वस्थ बने रहने के लिए गुलकंद का सेवन भी किया जा सकता है। गुलकंद खाने से पेट में शीतलता बढ़ती है तथा त्वचा को भी ताज़गी मिलती है।
गुलकंद में पाए जाने वाले विटामिन सी, ई व विटामिन बी हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। गुलकंद में विभिन्न एंटीओक्सिडेंट्स भी मौजूद होते हैं, जो भीषण गर्मी में भी हमारी त्वचा को मुलायम बनाए रखते हैं। गुलकंद का सेवन रोज़ खाने के बाद करें। इससे पाचन तंत्र भी दुरुस्त रहेगा।
गर्मियों में खाने-पीने का विशेष ख्याल रखना चाहिए, क्योंकि अधिक तापमान होने पर शरीर को अधिक पानी व पोषण की आवश्यकता होती है। इस आर्टिकल में हमने उन खाद्य और पेय पदार्थों के बारे में चर्चा की, जो गर्मी में हमें आवश्यक रूप से लेने चाहिए।
इस आर्टिकल के सुझावों को मानते हुए आप तेज़ गर्मी में भी अपने आपको स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रख सकते हैं। कैसा लगा आपको हमारा ये आर्टिकल, हमें बताइये, साथ ही इसे साझा कीजिये अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ। ऐसी ही बेहतरीन जानकारी और नई-नई रेसिपीज़ के लिए जुड़े रहिये BetterButter के साथ।
यह जरूर पढ़िए:
Cucumber Lassi Recipe: गर्मी में बॉडी को ठंडा रखने के लिए ऐसे बनाएं खीरा की लस्सी, जानें विधि
Best Drinks For Summer: गर्मियों में इन 7 ड्रिंक्स को पीकर रखें अपने पेट को ठंडा और कूल
Drinks For Belly Fat: बिना जिम जाए कम होगा बेली फैट, बस सुबह में पीना होगा ये 4 ड्रिंक्स
पेट की चर्बी को घटाने के लिए इन 3 चीजों से बने ड्रिंक्स का करें सेवन
15 स्वादिष्ट और झटपट डिनर रेसिपी, रात के खाने में क्या बनाएं – Dinner Recipes in Hindi
Image Source: Google Images (https://www.google.com/imghp?
Disclaimer-: BetterButter इस ब्लॉग में प्रकाशित किसी भी चित्र अथवा वीडियो का आधिकारिक दावा नहीं करता है। इस ब्लॉग में सम्मिलित दृश्य-श्रव्य सामग्री पर मूल रचनाकार के अधिकार का हम पूरा सम्मान करते है तथा प्रकाशित रचना का उचित श्रेय रचनाकार को देने का पूर्ण प्रयास करते है। अगर इस ब्लॉग में सम्मिलित किसी भी चित्र या वीडियो पर आपका कॉपीराइट है और आप उसे BetterButter पर नहीं देखना चाहते तो हमसे संपर्क करें। उक्त सामग्री को ब्लॉग से हटा दिया जायेगा। हम किसी भी सामग्री के लेखक, फोटोग्राफर एवं रचनाकार को उसका पूरा श्रेय देने में विश्वास करते है।
COMMENTS (0)